
इंदौर। इंदौर के छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र में खुद को आर्मी ऑफिसर बताकर एक व्यापारी से करीब 8 लाख 55 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने कैंटोनमेंट बोर्ड के लिए सामान सप्लाई का झांसा देकर व्यापारी को बातचीत में उलझाया और बैंक अकाउंट वेरिफिकेशन के नाम पर अलग-अलग ट्रांजैक्शन करवाए। ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र में रहने वाले प्रवीण मोदी पेट सप्लाई का काम करते हैं। उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को कुणाल कुमार नाम का आर्मी ऑफिसर बताया। आरोपी ने कहा कि वह कैंटोनमेंट क्षेत्र में तैनात है और वहां कुछ फोर्स के लिए सामान की जरूरत है। इसके बाद आरोपी ने प्रवीण मोदी से जीएसटी नंबर समेत अन्य जानकारी मांगी।
जानकारी साझा करने के बाद आरोपी ने बैंक अकाउंट वेरिफिकेशन और पेमेंट प्राप्त होने का झांसा दिया। आरोपी ने अलग-अलग बहानों से पीड़ित को अपने बताए खातों में रकम ट्रांसफर करने के लिए कहा। बैंक अकाउंट वेरिफिकेशन के नाम पर कुछ रुपये जमा कराने के बाद आरोपी ने इसी तरह बातचीत में उलझाकर पीड़ित के खाते से करीब 8 लाख 55 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।ठगी का एहसास होने के बाद पीड़ित ने छोटी ग्वालटोली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि कोई व्यक्ति खुद को आर्मी, पुलिस या किसी सरकारी विभाग का अधिकारी बताकर फोन करे, तो बिना सत्यापन के उसकी बात पर भरोसा न करें और किसी भी स्थिति में पैसे ट्रांसफर न करें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved