
इंदौर। बिजली की लगातार बढ़ती मांग और सुचारू आपूर्ति को देखते हुए पश्चिम मध्यप्रदेश में बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। रिवेम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के तहत पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने क्षेत्र में 33/11 केवी के 92 नए सब स्टेशन तैयार कर बिजली वितरण शुरू कर दिया है। प्रत्येक सब स्टेशन की क्षमता 5 एमवीए है। इनके शुरू होने से बिजली वितरण क्षमता में कुल 460 एमवीए की बढ़ोतरी हुई है।
नए ग्रिडों से घरेलू, कृषि, औद्योगिक और गैर-घरेलू उपभोक्ताओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण और सुचारू बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। बढ़ती खपत वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध होने से मौजूदा नेटवर्क पर दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।
इंदौर में सबसे ज्यादा सबस्टेशन
पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि आरडीएसएस के तहत तैयार हुआ 92वां सबस्टेशन इंदौर के सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में पिछले सप्ताह पूरा हुआ है। इसके साथ ही इंदौर जिले में योजना के तहत 12 नए सब स्टेशन स्थापित हो चुके हैं। पंचकुईयां, धार रोड-सिरपुर, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, रसोमा चौराहा, देवास नाका, बिलावली तालाब, सुपर कॉरिडोर, अरविंदो के पास इमलीखेड़ा, लिम्बोदा गिरी, पिवड़ाय-कम्पेल, बिचौली मर्दाना के पास बड़ियाकीमा और राजोदा में नए ग्रिड बिजली वितरण कर रहे हैं। इनके जुड़ने के बाद इंदौर जिले में कुल सब स्टेशनों की संख्या 250 से अधिक हो गई है।
उज्जैन में 12, रतलाम में 9 नए ग्रिड
आरडीएसएस के तहत उज्जैन जिले में भी 12 नए सब स्टेशन तैयार होकर बिजली वितरण कर रहे हैं। कड़ोदिया, बेहलोला, परसोली, रजला, लिम्बोदिया खुर्द, जीवनखेड़ी, गेलाखेड़ी, जवासिया कुमार, लोहारिया, शंकरपुर, करनावद और बोलासा में ये ग्रिड स्थापित किए गए हैं।वहीं रतलाम जिले में गोदना, नायन, बरखेड़ी, गुर्जरबर्डिया, आम्बा शेरपुर, बड़ायला माताजी पिपलौदा, भाटखेड़ी, सांगाखेड़ा और कलालिया में 9 नए सब स्टेशन शुरू किए गए हैं। कंपनी के अनुसार बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए पश्चिम क्षेत्र के अन्य जिलों में भी नए ग्रिड के निर्माण और मौजूदा नेटवर्क के विस्तार का काम लगातार जारी है।
एक नजर मे
पश्चिम मप्र में 92 – नए सब स्टेशन
इंदौर में 12 नए सबस्टेशन
उज्जैन में 12 नए सबस्टेशन
रतलाम में 9 नए सबस्टेशन
460 एमवीए – बढ़ी बिजली वितरण क्षमता
इंदौर जिले में ढाई सौ से ज्यादा सबस्टेशन
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved