
इंदौर। इंदौर के राजबाड़ा इलाके में कल हुए ई-बस हादसे में इलाज के दौरान दूसरी मौत हो गई है। हादसे में अनियंत्रित हुई ई-बस ने तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया था। घायलों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पिंटू उर्फ गणेश के बाद जितेन्द्र शर्मा की भी मौत हो गई। वहीं तीसरे घायल राधेश्याम की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने बस चालक धनराज के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धारा 105 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में चालक ने बताया कि ब्रेक लगाने की बजाय गलती से उसका पैर एक्सीलेटर पर दब गया था। हादसे के बाद बस में तोड़फोड़ के मामले में भी एमजी रोड पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इंदौर के राजबाड़ा क्षेत्र में कल दोपहर करीब ढाई से पौने तीन बजे के बीच हुए ई-बस हादसे में अब दूसरी मौत हो गई है। अनियंत्रित हुई ई-बस ने अचानक लोगों को अपनी चपेट में ले लिया था, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। सूचना मिलते ही एडिशनल डीसीपी प्रशांत चौबे, एसीपी स्टाफ, एसीपी कोतवाली और एमजी रोड थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे में घायल तीनों लोगों को तत्काल एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया था। इलाज के दौरान छोटा बांगड़दा निवासी पिंटू उर्फ गणेश की मौत हो गई थी, वहीं अब राऊ निवासी जितेन्द्र शर्मा ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। तीसरे घायल देवास निवासी राधेश्याम की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मामले में पुलिस ने बस चालक धनराज के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धारा 105 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर बस को जब्त कर लिया है और आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जा रहा है। पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि बस चलाते समय ब्रेक लगाने की बजाय गलती से उसका पैर एक्सीलेटर पर दब गया, जिसके बाद बस अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हुआ। वहीं हादसे के बाद बस में तोड़फोड़ किए जाने का मामला भी सामने आया। कुछ लोगों ने बस पर पत्थर मारकर उसके कांच तोड़ दिए और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इस मामले में एमजी रोड थाना पुलिस ने शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित धारा 270 और 324(5) के तहत केस दर्ज किया है। एफआईआर में कुल तीन नामजद और अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है। वहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तोड़फोड़ में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved