
– पिछले 2 दिन में निगम ने 11 भवनों पर कर दी कार्रवाई
– अब तक 156 भवनों पर लगा दिया 16 लाख का जुर्माना
इंदौर। एक तरफ तो इंदौर (Indore) से मानसून रूठ गया है। पानी बरस नहीं रहा है और दूसरी तरफ इंदौर नगर निगम (municipal corporation) रेन वाटर हार्वेस्टिंग (rainwater harvesting) की व्यवस्था नहीं करने के नाम पर नागरिकों पर लाखों रुपए का जुर्माना लगाने में लगा हुआ है। पिछले दो दिन में ही नगर निगम द्वारा 11 संस्थानों पर जुर्माना लगा दिया गया। इस बारिश काल में निगम की ओर से 156 संस्थानों पर 16 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।
जब बारिश होती है तो यह चिंता की जाती है की बारिश का पानी व्यर्थ नहीं बहाना चाहिए। इस पानी को जमीन के अंदर भेज कर भूजल स्तर को ऊंचा उठाने का काम करना चाहिए। नगर निगम के अधिकारी तो लकीर के फकीर है। पानी गिरे या नहीं गिरे, पानी को जमीन के अंदर भेजने की व्यवस्था करवाने में लग जाते हैं। इस साल इंदौर में सूखे के हालात बन गए हैं। पूरे मानसून के सीजन में केवल 24 इंच के करीब पानी गिर सका है। इस स्थिति के बाद भी नगर निगम का पूरा जोर रेन वाटर हार्वेस्टिंग का सिस्टम स्थापित करवाने पर लगा रहा। इस समय जब पानी पूरी तरह से गायब है, तब भी पिछले दो दिनों में नगर निगम द्वारा 11 स्थान पर केवल इसलिए चालान बना दिया गया कि वहां पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग का सिस्टम स्थापित नहीं है। जब पानी ही नहीं गिरेगा तो फिर इस सिस्टम को लगाकर क्या करेंगे? निगम के विभिन्न जोन क्षेत्रों के अंतर्गत संचालित भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थिति का परीक्षण एवं निरीक्षण संबंधित क्षेत्रीय भवन अधिकारियों एवं भवन निरीक्षकों द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान भवन स्वामियों व संचालकों को पूर्व में जारी किए गए निर्देशों एवं सूचना पत्रों के अनुपालन की स्थिति का भी परीक्षण किया गया। निरीक्षण में ऐसे भवन पाए गए, जहां निर्धारित समय में सूचना व निर्देश दिए जाने के बावजूद रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित नहीं किया गया।
उक्त अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित क्षेत्रीय भवन अधिकारियों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के अंतर्गत पिछले 2 दिवस में रेन वाटर हार्वेस्टिंग हेतु कुल 11 भवनों पर 3.30 लाख का अर्थदंड आरोपित किया गया। कार्रवाई के अंतर्गत होटल हॉलिडे, केएफसी, इठलाती साड़ी, गिरीश लड्डा, मुनीरा कुदरती, सुमेरन वॉयज हॉस्टल, आर्बिक इश्टे, आरके, मंगल नगर, देवनीश हॉस्टल में नियमों के अनुपालन की स्थिति का परीक्षण करते हुए अर्थदंड की कार्रवाई की गई। अब तक कुल 156 भवनों पर कुल राशि 16.03 लाख रुपए का अर्थदण्ड लगाया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved