
जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में 6वीं बटालियन पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के सामने स्थित विभाष गुप्ता और सुभाष गुप्ता की चाय-नाश्ता दुकान पर बीती देर रात 1 बजे के लगभग अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ देशी बमों से हमला बोल दिया। रात 10 बजे दुकान बंद करके दोनों भाई अपने घर चले गए थे, जिसके बाद मोटर साइकिलों से आए हमलावरों ने बंद शटर पर दनादन बम बरसाए। शटर से टकराकर फटे बमों की भीषण गूंज से इलाके में अफरातफरी फैल गई। मौके पर मिले बारूद के अवशेष और 2 जिंदा बमों ने सनसनी फैला दी। सूचना मिलते ही पुलिस अमले ने घटनास्थल की जांच शुरू करके अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया और उनकी तलाश तेज कर दी।
धमाकों से फैली सनसनी और मिले जिंदा बम
मध्य रात्रि में हुए जोरदार धमाकों से समूचा रिहायशी इलाका दहल उठा। आसपास मौजूद लोग अपने घरों व प्रतिष्ठानों से बाहर निकले तो चारों तरफ केवल बारूद का धुआं पसरा था। सूचना पाकर दोनों पीडि़त भाई अपने परिचितों के साथ मौके पर पहुंचे। शटर के सामने विस्फोटक के टुकड़े बिखरे पड़े थे। गनीमत रही कि उस समय दुकान पूरी तरह बंद थी और अंदर कोई भी मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। दोनों भाइयों ने दोपहर में थाने जाकर पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया और सुरक्षित तरीके से जिंदा सामग्री को अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए भिजवा दिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved