
उज्जैन। इंदौर रोड के ग्राम नवाखेड़ा में रहने वाला 14 वर्षीय लड़का कल सुबह भैंस चराने गया था और इस दौरान वह नहाने के लिए शिप्रा नदी में उतरा और डूब गया। पता चलने पर उसकी खोजबीन शुरू कर दी गई लेकिन रात तक उसका शव नहीं मिल पाया। आज सुबह से फिर तलाश शुरू हुई लेकिन दोपहर तक कुछ भी पता नहीं चल पाया।
नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि इंदौर रोड के ग्राम नवाखेड़ा में रहने वाला दीपक पिता मनोज नाथ उम्र 14 साल कल सुबह 11 बजे भैंसों को चराने के लिए शिप्रा नदी किनारे गया था। इस दौरान वह शिप्रा नदी में नहाने के लिए उतर गया और गहरे पानी में पहुँचकर डूब गया। इस बात का पता चलने पर वहाँ मृतक के परिजन और ग्रामीण पहुंच गए तथा पुलिस सूचना पाकर आ गई थी। मौके पर एसडीआरएफ के तैराक बुलाए गए और बालक की खोजबीन शुरू कर दी गई लेकिन रात तक उसका कुछ भी पता नहीं चल पाया। आज सुबह 5 बजे से फिर तलाशी शुरू कर दी गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए थे लेकिन दोपहर तक डूबे बालक का कुछ भी पता नहीं चल पाया। बालक को डूबे को 24 घंटे से अधिक का समय गुजर चुका है और उसका शव नहीं मिल पाया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved