
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मुख्यमंत्री मोहन यादव (Chief Minister Mohan Yadav) ने कहा कि कांग्रेस ने भारतीय पायलट स्मित मछार (Indian Pilot Smit Machhar) की बेहतरीन बहादुरी की तारीफ इसलिए नहीं की, क्योंकि पार्टी को अल्पसंख्यक समुदाय के वोट खोने का डर था।
मछार को दुनिया भर में हीरो माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने अपने को-पायलट का सफलतापूर्वक मुकाबला किया, जो UAE से इजराइल जा रही फ्लाईदुबई की 174 यात्रियों से सवार फ्लाइट का कंट्रोल लेकर उसे क्रैश करना चाहता था. बाद में विमान को सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ दिया गया, जहां वह सुरक्षित उतरा.
मुख्यमंत्री ने दावा किया, “ओमान के एक शख्स ने इजराइल जा रहे विमान के अंदर एक भारतीय पायलट स्मित मछार पर कुल्हाड़ी से हमला किया, और उस भारतीय व्यक्ति ने लगभग 200 लोगों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी. ऐसी बहादुरी सनातन संस्कृति का हिस्सा है, लेकिन कांग्रेस नेता अल्पसंख्यक वोट खोने के डर से मछार की तारीफ नहीं कर रहे हैं।
CM यादव ने आगे कहा, “वोट के भूखे कांग्रेस नेताओं को ऐसे व्यवहार पर शर्म आनी चाहिए.” बीजेपी नेता ने कहा कि कांग्रेस उस समय से नहीं बदली है जब वह सत्ता में थी और अभी भी वैसा ही व्यवहार कर रही है।
राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर बरसे CM मोहन यादव
हाल के महीनों में संक्रामक बीमारियों से मरने वाले आदिवासी बच्चों के परिवारों से मिलने के लिए 1 अक्टूबर को बालाघाट के दौरे पर गए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए, एमपी के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के शासनकाल के दौरान राज्य में वामपंथी उग्रवाद का जिक्र किया।
कांग्रेस के शासन में, बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जैसे आदिवासी बहुल जिलों में माओवादियों और चंबल क्षेत्र में डकैतों को लोगों को मारने की ‘पूरी छूट’ दी गई थी. बालाघाट में माओवादियों द्वारा तत्कालीन एमपी मंत्री लिखिराम कावरे की 1999 में की गई हत्या का जिक्र करते हुए CM यादव ने दावा किया कि कांग्रेस के किसी भी वरिष्ठ नेता ने कावरे की मौत पर शोक व्यक्त करने के लिए उनके परिवार से कभी मुलाकात नहीं की।
CM यादव ने कहा, “अब जब हमने पूरे राज्य से नक्सलवाद को खत्म कर दिया है, तो ये वोट के भूखे नेता बालाघाट जा रहे हैं. अरे बाबू, जब आपकी पार्टी सत्ता में थी, तब आपको बालाघाट जाना चाहिए था.” यादव ने आगे कहा कि गांधी को लगता है कि वे राजकुमार के तौर पर पैदा हुए हैं और उनके परिवार के सदस्यों का प्रधानमंत्री बनना तय है. यादव गोंडवाना की पूर्व शासक रानी दुर्गावती की जयंती के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे.
मुख्यमंत्री ने देश के लिए उनके साहस और योगदान की तारीफ की और मध्य प्रदेश व अन्य राज्यों में फैले गोंड वंश के 52 किलों के पूर्व शासकों के वंशजों को सम्मानित भी किया. इस कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय मामलों के राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और राज्य के जनजातीय मामलों के मंत्री कुंवर विजय शाह भी मौजूद थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved