
उज्जैन। समग्र आईडी में फर्जीवाड़े और अनाधिकृत बदलाव रोकने के लिए नई व्यवस्था तैयार की गई है। इसके तहत समग्र 2.0 नाम से नया पोर्टल बनाया है। नई व्यवस्था में समग्र आईडी से जुड़े काम किसी भी कम्प्यूटर से नहीं किए जा सकेंगे। इसके लिए निकाय के हर जोन में अधिकतम दो कंप्यूटर तय होंगे। इन्हीं से पोर्टल खुलेगा और समग्र आईडी में जरूरी बदलाव किए जा सकेंगे।
दरअसल पुरानी व्यवस्था में हैकर्स द्वारा कहीं से भी सिस्टम में सेंध लगाकर समग्र आईडी में बदलाव करने की समस्या सामने आई थी। नई व्यवस्था में इस तरह की छेड़छाड़ रोकने का दावा किया जा रहा है। समग्र 2.0 का इस्तेमाल उन्हीं कंप्यूटर या लैपटॉप पर हो सकेगा, जिनके आईपी एड्रेस पहले से सिस्टम में दर्ज होंगे। अन्य कंप्यूटरों से पोर्टल नहीं खुलेगा। हर जोन में दो कम्प्यूटर ही अधिकृत होंगे। एक ऑफिस का कंप्यूटर और दूसरा लैपटॉप हो सकता है। तीसरे कंप्यूटर से पोर्टल का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। समग्र में बदलाव के अधिकार जोन स्तर तक सीमित रहेंगे। वार्ड स्तर से सीधे अनाधिकृत बदलाव नहीं किए जा सकेंगे। इससे कामकाज पर निगरानी बढ़ेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved