
24 स्थानों पर पेड पार्किंग चिह्नित, पांच स्थानों से शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट; ओवरस्पीड रोकने के लिए आईटीएमएस कैमरे लगाने की तैयारी
इंदौर। शहर (Indore) में बिगड़ती यातायात व्यवस्था (Traffic management system) सुधारने के लिए अब एसडीएम (SDM) सड़कों पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। एसडीएम की रिपोर्ट पर ही कैमरे लगाने और ब्लैक स्पॉट पर हो रही दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने की तैयारी की जाएगी। वहीं ई-रिक्शा को मुख्य मार्ग से हटाने के लिए भी बैठक आयोजित कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
ब्लैक स्पॉट, रंबल स्ट्रिप, ई-रिक्शा की अव्यवस्थित आवाजाही और सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग से बिगड़ रहे यातायात को दुरुस्त करने के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात सुधार और दुर्घटना संभावित स्थलों पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। शहर के बिगड़ रहे ट्रैफिक को लेकर सड़कों के सुधारीकरण से लेकर पार्किंग व्यवस्था का सुधार करने के लिए उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में दौरा कर ब्लैक स्पॉट चिह्नित करें और कहां रंबल स्ट्रिप स्पीड मैपिंग कैमरे लगाए जाने हैं इसकी विस्तृत रिपोर्ट दें।
24 स्थानों पर पेड पार्किंग, पांच से शुरुआत
कलेक्टर वर्मा ने बताया कि शहर में पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए 24 स्थानों को पेड पार्किंग के लिए चिह्नित किया गया है। इनमें से पांच स्थानों पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरुआत की जाएगी। निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित पार्किंग शुरू होने से मुख्य सड़कों पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है।
ओवरस्पीड पर कैमरों से नजर
दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य किए जा रहे हैं। तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए आईटीएमएस कैमरे लगाने की तैयारी है। अधिकारियों को सड़क डायवर्शन के दौरान पर्याप्त संकेतक, प्रकाश व्यवस्था और गड्ढों की मरम्मत जैसे काम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील भी की गई।
ई-रिक्शा की आवाजाही पर होगी चर्चा
मुख्य मार्गों पर ई-रिक्शा की अव्यवस्थित आवाजाही से यातायात प्रभावित होने की समस्या पर भी चर्चा हुई। इसके लिए ई-रिक्शा संघ के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उचित व्यवस्था बनाने पर विचार किया जाएगा। इसके लिए ई-रिक्शा संगठन के साथ जल्द ही बैठक आयोजित कर निर्णय लिया जाएगा, लेकिन बैठक के अनुसार तय है कि इन्हें मुख्य मार्गों से हटाया जाना ही उचित है।
इन थाना क्षेत्रों को किया शामिल
पेड पार्किंग के लिए शहर में अन्नपूर्णा रोड पर एसबीआई ऑफिस के सामने से फूटी कोठी चौराहे की ओर, सुभाष मार्ग पर बड़ा गणपति चौराहे से कड़ाबीनपुरा के बीच, कनाड़िया रोड पर बंगाली चौराहे से छोटा राजबाड़ा तक, एमआर-10 पर सयाजी चौराहे से होटल मेरियट तक, एबी रोड पर रसोमा चौराहे से एमआर-09 चौराहे तक, मेदांता हॉस्पिटल रोड पर रसोमा चौराहे से अस्पताल तक, आदर्श रोड पर नफीस रेस्टोरेंट से साकेत चौराहे तक, एमवाय रोड पर पेट्रोल पंप से पूजा डेरी तक और रिवर साइड पर मृगनयनी से रिवर साइड तक के हिस्से चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा जेल रोड चौराहे से चिकमंगलूर तक दोपहिया वाहनों के लिए, एमजी रोड पर गुरुद्वारे से जिला न्यायालय तक, एबी रोड पर राजीव गांधी चौराहे से भंवरकुआं चौराहे तक तथा भोलाराम उस्ताद मार्ग चौराहे से यूनिट मॉल के प्रवेश द्वार तक और खंडवा रोड पर भंवरकुआं चौराहे से टावर चौराहे की ओर एप्पल हॉस्पिटल चौराहे तक पार्किंग की व्यवस्था प्रस्तावित है। इन स्थानों पर उपलब्ध सड़क की लंबाई के अनुसार 20 मीटर से लेकर एक किलोमीटर तक के हिस्से चिह्नित किए गए हैं। कुल 24 स्थानों को पेड पार्किंग के लिए चिह्नित किया गया है, जिनमें से पांच स्थानों पर पहले चरण में पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved