
जबलपुर। वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत सोमवार को उपनगर अधारताल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिरसा मुंडा चौक पर प्रदर्शन करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त और प्रधानमंत्रीका पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर किया गया।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता चमन पासी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वोट चोरी के जरिए चुनाव कराए जा रहे हैं और एसआईआरके नाम पर नागरिकों के मताधिकार को प्रभावित करते हुए मतदाता सूची से वोट काटे जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए विरोध जताया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोर कहां मिलेंगे, भाजपा के दफ्तर में, चंदा चोर कहां मिलेंगे, भाजपा के दफ्तर में जैसे नारे लगाए। उन्होंने मतदाता सूची की निष्पक्षता सुनिश्चित करने और मताधिकार की रक्षा की मांग उठाई। प्रदर्शन में चमन पासी, आसिफ इकबाल, जग्गू केसवानी, डॉ. नीरज शर्मा, पूरनलाल कोरी, संतोष लोधी, गंगा ठाकुर, मदन राय, डॉ. प्रमोद लाल, राजू तोमर, प्रदीप तिवारी और बिरजू पटेल सहित अन्य उपस्थित रहे।