
उज्जैन। सिंहस्थ में श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए शहर में दो एलिवेटेड ब्रिज बनाए जा रहे हैं। निर्माण कार्यों की गति जांचने के लिए बुधवार को संभागायुक्त और कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ पैदल निरीक्षण किया। संभागायुक्त आशीष सिंह ने निर्देश दिए कि निर्माण तय समय सीमा में गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों के अनुसार पूरा किया जाए।
एक एलिवेटेड ब्रिज आगर रोड पर इंद्रानगर चौराहे के पास से हरिफाटक तक बनाया जा रहा है, जबकि दूसरा निकास चौराहे से इंदौर गेट तक प्रस्तावित है। गदापुलिया से रेलवे क्रॉसिंग होते हुए नीलगंगा चौराहे तक भी एलिवेटेड मार्ग की योजना है। इनसे सिंहस्थ के दौरान शहर में यातायात का दबाव कम करने और श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलेगी।संभागायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही ब्रिज के नीचे सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाने को कहा, ताकि आवागमन में बाधा न आए। निरीक्षण में नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता योगेंद्र सिंह बागोले, कार्यपालन यंत्री प्रफुल्ल जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved