
इंदौर। इंदौर में म्यूल खातों के जरिए होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी पर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। विजय नगर पुलिस ने सावित्री एम्पायर बिल्डिंग स्थित एक संदिग्ध एडवाइजरी कंपनी के कार्यालय की जांच के दौरान कई अनियमितताएं मिलने पर संचालिका सहित 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। खास बात यह है कि विजय नगर पुलिस की एक महीने में म्यूल खातों और एडवाइजरी कंपनियों के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
दरअसल, विजय नगर पुलिस की टीम ने सावित्री एम्पायर बिल्डिंग स्थित कार्यालय नंबर 503 की जांच की थी। कार्यालय के बाहर डी. साहू कंपनी का बोर्ड लगा हुआ था, जबकि अंदर जेपी वेल्थ रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड का संचालन होना बताया गया। जांच के दौरान कंपनी की ओर से प्रस्तुत प्रमाणपत्रों में जयपुर का पता दर्ज मिला। वहीं, इंदौर स्थित कार्यालय के संचालन और कर्मचारियों के सत्यापन से जुड़े दस्तावेज मांगे जाने पर कंपनी प्रबंधन उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सका।गौरतलब है कि विजय नगर पुलिस ने अनियमितताओं के आधार पर कंपनी की संचालिका सहित 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि निवेश से पहले किसी भी कंपनी के पंजीयन और अधिकृत दस्तावेजों की जांच करें। गारंटीड मुनाफे के लालच में न आएं और कमीशन के बदले किसी को अपना बैंक खाता उपलब्ध न कराएं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved