
नागपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने सोमवार को नागपुर में एक भाषण के दौरान संघ की पहचान में स्वयंसेवक की अहम भूमिका पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि 1930 के दशक में जब सेंट्रल प्रोविंस असेंबली में संघ पर पहली बार प्रतिबंध लगाने की कोशिश की गई थी, तब उसका बचाव करने के लिए कोई स्वयंसेवक मौजूद नहीं था. उन्होंने कहा कि उस समय, संघ के समर्थन में केवल एक व्यक्ति की आवाज़ उठी थी, जिनका नाम इब्राहिम था.
नागपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के मुख्यालय में नवनिर्मित सभागार का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में भागवत ने इस ऐतिहासिक घटना का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस समय संघ की विचारधारा का समर्थन करने वाला कोई नहीं था. उस समय इब्राहिम ने कहा कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए और यह सांप्रदायिक नहीं है. उन्होंने कहा, ’30 के दशक में, जब सेंट्रल प्रोविंस असेंबली में संघ पर पहली बार प्रतिबंध लगाने की कोशिश की गई, तो संघ का बचाव करने के लिए कोई स्वयंसेवक नहीं था. संघ की विचारधारा का समर्थन करने वाला भी कोई नहीं था. तब इब्राहिम नाम के एक व्यक्ति ने संघ के समर्थन में आवाज़ उठाई, उन्होंने कहा कि संघ को बंद नहीं किया जाना चाहिए और यह सांप्रदायिक नहीं है’.
भागवत ने इब्राहिम के हवाले से कहा, ‘मेरा मानना है कि जो लोग कहते हैं कि हिंदुस्तान एक ‘हिंदू राष्ट्र’ है, उन्हें तो मेंटल हॉस्टिपल भेज देना चाहिए. मैं डॉ. हेडगेवार को जानता हूं, वे मेंटल नहीं हैं, बल्कि एक अच्छे इंसान हैं. इसलिए, संघ सांप्रदायिक नहीं हो सकता’.
RSS प्रमुख ने कहा कि उस समय संघ बने हुए कुछ ही साल हुए थे. तब संघ के बारे में बहुत कम लोग जानते थे, लेकिन डॉ. हेडगेवार को सब जानते थे. जब संघ की शुरुआत हुई, तो स्वयंसेवक ही उसकी पहचान बन गए. उन्होंने कहा कि आज 100 साल बाद भी, स्वयंसेवक ही संघ की पहचान हैं.
प्रचारकों पर लिखी गई एक किताब के बारे में बात करते हुए, भागवत ने कहा कि ऐसे लोगों के जीवन के बारे में कृतज्ञता और स्नेह के कारण लिखा जा रहा है, न कि किसी भौतिक लाभ के लिए. उन्होंने कहा, ‘किसी भी प्रचारक ने कभी ऐसी उम्मीद नहीं की और न ही कभी करेगा, क्योंकि इसमें पाने के लिए कोई भौतिक चीज है ही नहीं’.
उन्होंने कहा, ‘एक प्रचारक के लिए केवल ‘संघ’ ही सब कुछ है, संघ के अलावा उसके लिए और कुछ नहीं है’ उन्होंने आगे कहा कि ऐसे लोगों के प्रति स्वाभाविक रूप से श्रद्धा और सम्मान की भावना पैदा होती है. उन्होंने कहा, ‘उनके समर्पण और निष्ठा को शब्दों में पूरी तरह से नहीं लिखा जा सकता. इसे केवल अनुभव के ज़रिए ही महसूस किया जा सकता है. जो लोग सीधे उनके संपर्क में आए हैं, वे ही इसे समझ सकते हैं’.
एक ‘स्वयंसेवक’ के जीवन को धारा के विपरीत तैरने जैसा बताते हुए, भागवत ने कहा कि यह सिद्धांतों पर आधारित जीवन है, जिसमें कोई स्वार्थ, अहंकार या व्यक्तिगत अपेक्षाएं नहीं होतीं. उन्होंने कहा, ‘उनके मन में बस एक ही विचार होता है- मैं समाज के लिए कितना अच्छा कर सकता हूं?’. यह मानते हुए कि हर स्वयंसेवक पूरी तरह से इस आदर्श पर खरा नहीं उतरता, उन्होंने कहा, ‘इसमें स्तर और अंतर हो सकते हैं, लेकिन सभी की दिशा एक ही रहती है’.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved