
नई दिल्ली: लंदन में भारतीय मूल की 26 साल की नवनीत कौर की गोली मारकर हत्या करने मामला सामने आया है. पुलिस को चरत्सी रोड स्थित एक ठिकाने पर ‘वेलफेयर चेक’ के दौरान नवनीत कौर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थीं. इसके बाद अधिकारियों ने नवनीत को मृत घोषित कर दिया. इस हत्याकांड में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 31 साल भारतीय मूल के ही आरोपी रजत जसवाल को गिरफ्तार किया है.
सोमवार को आरोपी रजत को हेन्डन मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां उस पर हत्या और जान खतरे में डालने की नीयत से हथियार रखने के गंभीर आरोप तय किए गए हैं. मामले की जांच कर रही डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर (डीसीआई) सारा ली ने कहा, ‘हमारी संवेदनाएं नवनीत के परिवार और करीबियों के साथ हैं, जो इस दुखद पल से गुजर रहे हैं.
उन्होंने आगे बताया कि एक शख्स पर चार्ज लगाए जा चुके हैं, लेकिन हमारी जांच जारी है. पुलिस ने मामले की तहकीकात के लिए लोगों से जानकारी जुटाने के साथ-साथ इलाके के डोरबेल या डैशकैम फुटेज की अपील की है. पुलिस ने बताया कि नवनीत कौर के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और स्पेशलिस्ट ऑफिसर्स उनकी पूरी मदद कर रहे हैं. यह घटना 4 नवंबर की बताई जा रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved