img-fluid

छठ पर घर लौटने की दौड़, ट्रेनों से लेकर बसों तक भारी भीड़, फ्लाइट का किराया 44 हजार के पार

November 13, 2026

नई दिल्ली। छठ महापर्व (Chhath Festival) पर अपने घर पहुंचने के लिए देश के अलग-अलग शहरों में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल (Bihar and Purvanchal) के लाखों लोग आखिरी कोशिश में जुटे हैं। दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे शहरों से बिहार जाने वाली ट्रेनों (Trains) में भारी भीड़ है। कई ट्रेनों में टिकट बुकिंग बंद हो चुकी है, जबकि दूसरी ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की उम्मीद कम है। ऐसे में कुछ लोग महंगे हवाई टिकट खरीदकर घर पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं। बसों और निजी वाहनों से भी बड़ी संख्या में लोग सफर कर रहे हैं।

इस बार छठ पूजा 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होकर 16 नवंबर को उषा अर्घ्य और पारण के साथ संपन्न होगी। ऐसे में जो लोग अब तक घर नहीं पहुंच पाए हैं, उनके लिए 13 नवंबर का दिन बेहद अहम है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की है। वहीं, बिहार सरकार ने भी अंतरराज्यीय बस सेवाएं शुरू की हैं। इसके बावजूद कई प्रमुख रूट पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ट्रेनों में कंफर्म टिकट के लिए मारामारी

छठ के लिए बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। अधिकतर प्रमुख ट्रेनों में टिकट बुकिंग रिग्रेट हो चुकी है, जबकि कई अन्य ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट इतनी लंबी है कि टिकट कंफर्म होने की संभावना बेहद कम है।

सूरत से बिहार जाने वाले यात्रियों की भी भारी भीड़ देखने को मिली है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, उधना स्टेशन से बिहार के जयनगर जाने वाली ट्रेनों के लिए एक ही दिन में 37,698 टिकट खरीदे गए। इससे त्योहार पर घर लौटने के लिए यात्रियों की बेचैनी का अंदाजा लगाया जा सकता है।


  • भीड़ को देखते हुए रेलवे ने देशभर में अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। पूर्व मध्य रेलवे के मुताबिक, बिहार और आसपास के क्षेत्रों के लिए 103 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। वहीं, दक्षिण मध्य रेलवे नवंबर में करीब 400 स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी में है। इन सेवाओं से पटना, दरभंगा, छपरा, मुजफ्फरपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और हावड़ा जैसे शहरों तक पहुंचना आसान होगा।

    दिल्ली से बिहार के लिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें

    दिल्ली और बिहार के बीच यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने कुछ अतिरिक्त सेवाएं भी शुरू की हैं। मुजफ्फरपुर और आनंद विहार टर्मिनल के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।

    ट्रेन नंबर 05281 मुजफ्फरपुर से 18 नवंबर को सुबह 6:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 05282 आनंद विहार से 19 नवंबर को सुबह 7 बजे चलेगी और 21 नवंबर को सुबह 4:50 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।

    यह ट्रेन रास्ते में गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, हरदोई, शाहजहांपुर और मुरादाबाद में रुकेगी।

    इसके अलावा रामनगर-पाटलिपुत्र साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन भी बढ़ाया गया है। ट्रेन नंबर 05080 रामनगर से 28 नवंबर को एक अतिरिक्त फेरा लगाएगी। वापसी में ट्रेन नंबर 05079 पाटलिपुत्र से 29 नवंबर को रवाना होगी। यह ट्रेन गोरखपुर होकर गुजरेगी। रेलवे का प्रयास है कि त्योहार के बाद घर लौटने वाले यात्रियों को भी पर्याप्त ट्रेनें मिल सकें।

    फ्लाइट का किराया 44 हजार रुपये के पार

    ट्रेनों में सीट नहीं मिलने के कारण कई यात्री हवाई सफर का विकल्प तलाश रहे हैं। लेकिन छठ के दौरान पटना जाने वाली फ्लाइट का किराया भी काफी बढ़ गया है। MakeMyTrip पर उपलब्ध विकल्पों के मुताबिक, कुछ रूट पर टिकट की कीमत 44 हजार रुपये से अधिक दिखाई दी।

    दिल्ली से पटना के लिए सबसे कम उपलब्ध किराया 15,367 रुपये है। यह स्पाइसजेट की नॉन-स्टॉप फ्लाइट का किराया है, जबकि इस रूट पर सबसे महंगा टिकट 30,385 रुपये का दिख रहा है।

    अन्य शहरों से पटना जाने वाली फ्लाइट के किराये भी काफी ऊंचे हैं।

    मुंबई से पटना: सबसे कम किराया 18,401 रुपये, हालांकि यह दिल्ली में एक स्टॉप वाली फ्लाइट का है। नॉन-स्टॉप फ्लाइट का किराया कम से कम 22,913 रुपये है।

    पुणे से पटना: शुरुआती किराया 14,247 रुपये और सबसे अधिक 27,490 रुपये।

    बेंगलुरु से पटना: सबसे कम किराया 16,260 रुपये और अधिकतम 36,244 रुपये।

    चेन्नई से पटना: शुरुआती किराया 17,505 रुपये, जबकि सबसे महंगा टिकट 41,282 रुपये।

    अहमदाबाद से पटना: किराया 20,183 रुपये से शुरू होकर 34,120 रुपये तक।

    लखनऊ से पटना: सबसे कम उपलब्ध किराया 21,452 रुपये और सबसे महंगा टिकट 44,625 रुपये। इस रूट पर सीधी फ्लाइट उपलब्ध नहीं है।

    ये किराये 13 नवंबर को विभिन्न ट्रैवल वेबसाइट पर दिखाई दे रहे विकल्पों के आधार पर हैं। सीटों की उपलब्धता और बुकिंग के समय के अनुसार इनमें बदलाव हो सकता है।

    दिल्ली से बिहार के लिए 77 बस सेवाएं शुरू

    ट्रेन और हवाई सफर के अलावा बसों से घर लौटने वाले यात्रियों के लिए भी व्यवस्था की गई है। छठ से पहले दिल्ली और बिहार सरकार ने मिलकर 77 अंतरराज्यीय बस सेवाएं शुरू की हैं। इनका संचालन आनंद विहार बस टर्मिनल से बिहार के पांच डिवीजनों के लिए किया जा रहा है। इन बसों में मुजफ्फरपुर के लिए 36, पटना के लिए 13, पूर्णिया के लिए 12, गया के लिए 10 और दरभंगा के लिए छह बसें शामिल हैं।

    बसों में एसी और नॉन-एसी के साथ स्लीपर और सीटर की सुविधा भी उपलब्ध है। यात्रियों को बस की श्रेणी और रूट के हिसाब से 134 रुपये से लेकर 1,028 रुपये तक की किराये में छूट दी जा रही है। दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य बिहार और पूर्वांचल के लोगों को त्योहार के दौरान सुरक्षित और किफायती सफर उपलब्ध कराना है।

    रेलवे स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया और सुरक्षा के इंतजाम

    छठ के दौरान रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करना भी बड़ी चुनौती है। दिल्ली के आनंद विहार और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी आवाजाही को देखते हुए होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यहां टिकट काउंटर, शौचालय, खानपान की दुकानें, हेल्प डेस्क और अनाउंसमेंट सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

    वाराणसी, हावड़ा और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में चढ़ाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। हावड़ा स्टेशन पर आरपीएफ और रेलवे कर्मचारियों की टीमें लगातार भीड़ पर नजर रख रही हैं। यात्रियों की मदद के लिए मेडिकल बूथ भी बनाया गया है।

    स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों और एआई आधारित निगरानी के जरिए भीड़ पर नजर रखी जा रही है। दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ के 2,040 जवान तैनात किए गए हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन की स्थिति, प्लेटफॉर्म और समय की जानकारी आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें।

    मुंबई में भी प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए सेंट्रल रेलवे ने प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी रोक लगा दी है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) पर पार्सल बुकिंग और आवाजाही पर भी अस्थायी पाबंदियां लगाई गई हैं, ताकि यात्रियों के लिए अधिक जगह उपलब्ध हो सके। यहां अतिरिक्त सुरक्षा बलों और एआई आधारित सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है।

    परिवार के साथ छठ मनाने की आखिरी कोशिश

    छठ पूजा की शुरुआत के साथ ही बिहार और पूर्वांचल के घरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। नहाय-खाय से शुरू होने वाले इस चार दिवसीय महापर्व में परिवार के सभी सदस्यों का साथ होना खास मायने रखता है। यही वजह है कि लोग लंबी वेटिंग लिस्ट, महंगे हवाई किराये और भीड़भाड़ के बावजूद घर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

    किसी के सामने ट्रेन का कंफर्म टिकट पाने की चुनौती है तो कोई हवाई सफर का बढ़ता खर्च उठाने को मजबूर है। बसों का विकल्प भी यात्रियों को राहत दे रहा है। अब लाखों लोगों की कोशिश यही है कि किसी तरह 13 से 16 नवंबर के बीच अपने परिवार के साथ इस महापर्व में शामिल हो सकें।

    Share:

  • MP: भोपाल में बॉयफ्रेंड कर रहा था पत्नी को ब्लैकमेल, बेबस पति को करना पड़ा ये समझौता

    Fri Nov 13 , 2026
    भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल (Bhopal) में निजी वीडियो वायरल करने की धमकी और पैसों के लेनदेन से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पत्नी को ब्लैकमेल (Blackmail) किए जाने से परेशान पति ने न्यायधारा परामर्श केंद्र (Nyaydhara Counseling Center) पहुंचकर मदद मांगी. काउंसलिंग के दौरान पति ने पत्नी […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved