img-fluid

और भी गम हैं इंदौर में अवार्ड के सिवा…

November 13, 2026

इंदौर शहर के साथ ही महापौर और उनकी निगम परिषद से लेकर निगमायुक्त और सफाई मित्र इस संताप में हैं कि इंदौर से स्वच्छता का खिताब छिन गया… हम पायदान से खिसक गए… हम दूसरे नंबर के शहर बन गए… अब देशभर में सीना चौड़ा और ऊंची कालर लेकर चलने का रुतबा मिट जाएगा… हमें स्वच्छता का अव्वल कोई नहीं कह पाएगा… लेकिन हकीकत यह भी है कि हम लगातार अवार्ड से इतने बौरा गए थे कि हमने सफाई के प्रति खुद को बेपरवाह कर लिया… सारा बोझ सफाई मित्रों पर ढोल दिया… जगह-जगह कचरे-कूड़े के ढेर दिखने लगे… घर, दुकानों पर होने वाली कचरे की छंटाई बंद कर डाली… सड़कों पर इतने गड््ढे खोद डाले कि चलने और निकलने की जगह सिमटने लगी… सड़कों पर धूल उड़ने लगी… दिनों के काम महीनों में और महीनों के निर्माण सालों टलने लगे…अब हमको खुद अपना शहर गंदा और गड््ढा भरा नजर आता है तो अवार्ड देने वालों को यह शहर तमगे लायक कैसे लगेगा… उन्हें भी बाहर का बेलबूटा अंदर का पैंदा फूटा नजर आया होगा, इसीलिए हमें दो नंबर पर टिकाया होगा… यह चेतावनी भी है और चुनौती भी… महापौर लाख आंकड़ों की बाजीगरी दिखाएं… इंतजार करने और पोर्टल खुलने पर टकटकी लगाएं, लेकिन अपने अंदर झांककर यदि अपनी कमी समझ पाएं तो शायद यह शहर चकाचक हो जाए और शहरी अवार्ड देते नजर आए…फिलहाल तो यह हालत है कि चंद दिनों बाद शहर पानी के लिए चीखता-चिल्लाता नजर आएगा… तालाबों का पैंदा बचा-खुचा पूरा पानी निगल जाएगा… बरसात के पहले तालाबों में जल संग्रहण के नाकाम प्रयास निगम की पोल खोलेंगे… फिर लोग जो बोलेंगे वो निगम के शूरवीर सुन नहीं पाएंगे… टैंकर दौड़ाएंगे तो वो भी प्यास नहीं बुझा पाएंगे और तकलीफ तो तब होगी कि उन टैंकरों को भरने के लिए बोरिंग नहीं मिलेंगे… हम कम वर्षा से सहमे हुए हैं, लेकिन देश के स्वच्छ शहर की हकीकत यह है कि ज्यादा वर्षा हो जाती है तो सड़कों पर पानी भर जाता… दो-चार लोग डूबकर मर जाते और हम स्वच्छता का खिताब लेकर इठलाते… हमने वर्षा के जल की निकासी तो दूर ड्रेनेज के लिए भी काम नहीं किया… भागीरथपुरा में दर्जनों लोग मर गए और हम बेशर्मों की तरह खिताब की कतार में खड़े हो गए… हकीकत तो यह थी कि हमने इस बार स्वयं को स्वच्छता की कतार से अलग रखना था और खिताब के लायक बनने में जुटना था… गंदगी और गड््ढों से भरे इस शहर की त्रासदी यह भी है कि शहर में चलने लायक सड़कें नहीं बचीं… हर नेता अपने इलाके में गुमटियां लगवाने… अतिक्रमण करवाने और सड़कों की चौड़ाई घटाने में लगा है… इस शहर को तो खिताब इस बात का भी मिलना चाहिए कि यहां नेता अपनों के लिए बोलते हैं और शहर के लिए खामोश रहते हैं… हम भी अपना गम अवार्ड की गोद में छिपाकर मुसीबतों को बुलाते हैं और दो नंबर आने पर भी जश्न मनाते हैं…

Share:

  • 33 साल तक NVIDIA की कमान संभालने वाले जेनसन हुआंग ने अचानक छोड़ा CEO पद, कोलेट क्रेस को मिली जिम्मेदारी

    Fri Nov 13 , 2026
    नई दिल्ली ।दुनिया की प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनियों में शामिल NVIDIA (NVIDIA) में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन (Leadership Change) हुआ है। कंपनी के सह-संस्थापक और लंबे समय से मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रहे जेनसन हुआंग (Jensen Huang) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा तत्काल (Immediate) प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है। इस […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved