
नलखेड़ा। तहसील की नगर परिषद बड़ागांव में सफाई कर्मचारियों की पिछले नौ दिनों से वेतन भुगतान की मांग को लेकर काम बंद हड़ताल जारी है। लगातार नो दिनों से सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण अब नगर के हालात बिगडऩे लगे हैं। नगर के प्रमुख मार्गों, बाजारों, गली-मोहल्लों सहित जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। कचरे से उठने वाली दुर्गंध के कारण दुकानदारों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सामूहिक हड़ताल व धरना प्रदर्शन की चेतावनी
नगर परिषद बड़ागांव में कर्मचारियों के बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर कर्मचारी संगठन के जिला अध्यक्ष नरेंद्र मौसर, शैलेंद्र गिलानी, जिला महामंत्री मोहित नरवाल, नगर महामंत्री सहित पार्षद पुत्र राहुल यादव, पार्षद कौशल दुबे एवं पार्षद कालूराम मालवीय द्वारा शुक्रवार को आवेदन सौंपकर नगर परिषद कर्मचारियों का बकाया वेतन तीन दिनों के अंदर भुगतान करने की मांग की गई है।
इनका कहना
बड़ागांव नगर परिषद में सफाई कर्मचारियों का जो वेतन बकाया है वह मेरे कार्यकाल से पूर्व समय का है, मेरे कार्यकाल को आठ माह ही हुए हैं। बावजूद मेरे द्वारा 10 माह के वेतन का भुगतान कर्मचारियों के खातों में किया गया है। दीपावली पर्व के पूर्व भी कर्मचारियों को वेतन का भुगतान किया गया है।
प्रेम शंकर परमार , मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद बड़ागांव, जिला आगर मालवा
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved