
जबलपुर। शहर को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा बड़े नालों और पुलों पर लाखों रुपए खर्च कर तैयार किए गए हैंगिंग गार्डन अब बदहाली का शिकार हैं। शुरुआत में शहर की सुंदरता बढ़ाने वाले ये गार्डन आज अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहे हैं। कहीं पौधे सूख चुके हैं तो कहीं गमले गायब हैं। लोहे के चैनल और फेंसिंग भी टूटकर कबाड़ में तब्दील हो रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि लाखों रुपए खर्च कर विकसित किए गए इन गार्डन की देखरेख के लिए न तो माली तैनात किए गए और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। मदार टेकरी स्थित पुलिया के पास बना हैंगिंग गार्डन कभी राहगीरों के आकर्षण का केंद्र था। यहां लटकते गमलों में लगे फूल और पौधे पुल की सुंदरता बढ़ाते थे, लेकिन देखरेख के अभाव में धीरे-धीरे हरियाली गायब होती चली गई। बाद में गार्डन के नीचे आग लगने से अधिकांश गमले जलकर खराब हो गए। अब स्थिति यह है कि वहां गार्डन का नामोनिशान तक नजर नहीं आता। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के बाद नगर निगम ने इसकी सुध लेना भी जरूरी नहीं समझा। इसी तरह घमापुर स्थित जंजीरा पुल पर भी हैंगिंग गार्डन की स्थिति खराब है। पौधों की नियमित देखभाल और पानी की व्यवस्था नहीं होने से हरियाली उजड़ रही है। कई स्थानों पर गार्डन के ढांचे और फेंसिंग क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। शुरुआती दौर में आकर्षक दिखने वाली यह व्यवस्था अब उपेक्षा की तस्वीर बन गई है।
उद्घाटन के बाद निगरानी गायब, जवाबदेही किसकी?
नागरिकों का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण और सुंदरता के नाम पर राशि खर्च कर योजनाएं तो बना दी जाती हैं, लेकिन रखरखाव की जिम्मेदारी तय नहीं होती। यदि निगम के पास गार्डन की देखरेख, पानी और सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे तो इन्हें विकसित करने से पहले व्यवस्था क्यों नहीं बनाई? सभी हैंगिंग गार्डन का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त ढांचों की मरम्मत, नए पौधों का रोपण और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
गमलों की गुणवत्ता और सुरक्षा पर सवाल
गार्डन में लगाए गए गमलों की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कई स्थानों पर गमले क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कुछ जगह गमले और पौधे गायब होने की शिकायतें हैं। सुरक्षा नहीं होने से चोरी और तोडफ़ोड़ की आशंका बनी रहती है। आवारा मवेशियों से भी पौधों को नुकसान पहुंचता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक पौधे सहित गमले की कीमत भी करीब 100 रुपए या उससे अधिक होती है।
पौधे लगाने के बाद जिम्मेदारी भूला निगम
हैंगिंग गार्डन तैयार करना ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि पौधों को बचाने के लिए नियमित पानी, खाद और छंटाई की जरूरत होती है। इसके लिए प्रशिक्षित माली और नियमित निगरानी भी जरूरी है। लेकिन नगर निगम ने निर्माण के बाद इनके रखरखाव की स्थायी व्यवस्था नहीं की। नतीजतन पौधे सूखते गए और लाखों की लागत से तैयार योजना अपनी उपयोगिता खोती चली गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved