अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले (Surguja district) में दीपावली के दौरान एक दर्दनाक हादसे में दो साल के मासूम की जान चली गई। सीतापुर थाना क्षेत्र (Sitapur police station area) के नवापारा गांव में खेलते समय बच्चे ने जमीन पर पड़ा लहसुन बम (Garlic bomb) मुंह में रख लिया। चबाते ही पटाखा मुंह के अंदर फट गया, जिससे उसके मसूड़े बुरी तरह जख्मी हो गए और लगातार खून बहने लगा। गंभीर हालत में बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 11 नवंबर की रात उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय बच्चा पड़ोस के एक अन्य बच्चे के साथ खेल रहा था। दूसरा बच्चा लहसुन (पॉप-पॉप) बम फोड़ रहा था। इसी दौरान दो साल के मासूम ने जमीन पर पड़ा पटाखों का एक छोटा पैकेट उठाकर मुंह में डाल लिया। दबाव पड़ने से पटाखा उसके मुंह में ही फट गया। हादसे में उसके मसूड़े गंभीर रूप से घायल हो गए और मुंह से खून बहने लगा।
मृतक के पिता इंद्रजीत मांझी ने बताया कि घटना के बाद वे नौ नवंबर को बच्चे को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए थे। वहां उपचार के बाद खून बहना बंद हो गया तो वे बच्चे को घर ले आए। अगले दिन उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई और दोबारा खून बहने लगा। इसके बाद परिजन उसे चिकित्सक के पास ले गए। हालत गंभीर होने पर 11 नवंबर को अंबिकापुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसी रात उसने दम तोड़ दिया।
पिता के मुताबिक, उन्हें पता नहीं चल पाया था कि बच्चे ने कौन-सा पटाखा मुंह में डाल लिया था। बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे के गले और सांस की नली में पटाखे के अवशेष मिलने की पुष्टि हुई।
आकस्मिक मौत का मामला दर्ज
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आकस्मिक मौत दर्ज कर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लहसुन बम जमीन पर पटकने या उस पर दबाव पड़ने से फटता है। बच्चों के हाथ में ऐसे पटाखे होना और उनके साथ लापरवाही बरतना गंभीर हादसों का कारण बन सकता है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved