
इंदौर। मप्र (MP) हाई कोर्ट (High Court) के चीफ जस्टिस (chief Justice) के आदेशानुसार इंदौर (Indore) बेंच (bench) के न्यायिक कार्य आवंटन (रोस्टर) का पुनर्गठन किया गया है, जो कल से लागू होगा। इसमें डिविजन बेंच में बदलाव किया गया है।
प्रधान रजिस्ट्रार (न्यायिक) समीर कुलश्रेष्ठ द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अब डिवीजन बेंच न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर एवं न्यायमूर्ति पवन कुमार द्विवेदी की रहेगी। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व जस्टिस अभ्यंकर के साथ जस्टिस जय कुमार पिल्लई डिवीजन बेंच में सुनवाई कर रहे थे, लेकिन जस्टिस पिल्लई का हाल ही में इंदौर बेंच से ट्रांसफर हो गया है। नई डिविजन बेंच रिट अपील, जनहित याचिकाए, ग्रीन बेंच, व्यापमं घोटाला, राष्ट्रीय राजमार्ग, निविदाएं, खनन, और आपराधिक अवमानना से जुड़े मामलों की सुनवाई करेगी। इसी तरह सिंगल बेंच में न्यायमूर्ति संदीप एन. भट्ट गैर-सेवा रिट याचिकाएं, कर मामले और सिविल अवमानना मामलों को सुनेंगे। न्यायमूर्ति विनय सराफ जमानत याचिकाएं, सेवा संबंधी रिट याचिकाएं, कंपनी और मध्यस्थता मामले देखेंगे। न्यायमूर्ति राजेंद्र कुमार वाणी प्रथम अपील, द्वितीय अपील और सिविल पुनरीक्षण याचिकाएं सुनेंगे। न्यायमूर्ति गजेंद्र सिंह जमानत एवं अन्य एमसीआरसी और आपराधिक याचिकाओं की सुनवाई करेंगे। इसी तरह न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी आपराधिक अपील और क्रिमिनल रिवीजन याचिकाओं की सुनवाई करेंगे। अधिसूचना के अनुसार, अति-आवश्यक सुनवाई के लिए प्रतिदिन अधिकतम 200 प्रिंटेड मेंशन मेमो ही स्वीकार किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त वकीलों और पक्षकारों के लिए हाइब्रिड/ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुनवाई की सुविधा निरंतर उपलब्ध रहेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved