
इंदौर। न्याय नगर गृह निर्माण संस्था (Nyay Nagar Housing Construction Society) से जुड़ी 77 हजार स्क्वेयर फीट जमीन अदालती आदेश के जरिए खाली कराकर सौंपी जाना है। इस जमीन पर कृष्णबाग कॉलोनी सेक्टर-सी में लगभग 71 मकान (71 houses) अवैध बने हैं, जिन पर आज बुलडोजर (Bulldozers) चलना थे, मगर कल देर रात तक बड़ा पुलिस बल दिलजीत के शो की व्यवस्थाएं जुटाने में लगा रहा, लिहाजा आज सुबह बल उपलब्ध नहीं हुआ। नतीजतन अब कल इन मकानों पर बुलडोजर चलाए जाएंगे। रहवासियों की एक आखिरी उम्मीद हाईकोर्ट में बाद में दायर याचिका पर भी टिकी है, जिसमें आज फैसला आ सकता है। हालांकि पिछले दिनों सुनवाई में कोई तारीख निश्चित नहीं की गई थी। दूसरी तरफ प्रशासन ने अपनी पूरी तैयारी कर ली है। आज फिर मौके पर एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी रहवासियों को समझाइश देने जाएंगे।
हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक सारे रहवासी अपनी लड़ाई हार चुके हैं, क्योंकि अदालत के सामने न तो रजिस्ट्री और न ही निर्माण की अनुमति सहित कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत कर सके। यहां तक कि एसडीएम कोर्ट ने भी पूर्व में पर्याप्त अवसर दिया और अभी अवमानना याचिका पर हाईकोर्ट ने 30 दिन में जमीन खाली करवाने के जो स्पष्ट आदेश दिए, उसके बाद प्रशासन ने पुन: सभी को नोटिस जारी किए, मगर उसके जवाब में भी किसी तरह का कोई दस्तावेज नहीं मिला। दूसरी तरफ ये सभी 71 रहवासी हैरान-परेशान हैं और रीगल तिराहा पर धरने पर भी शुक्रवार से बैठे हैं। हालांकि कोई भी बड़ा नेता मदद के लिए नहीं आया, क्योंकि अदालत का ही स्पष्ट आदेश है और अवमानना के चक्कर में कोई भी नहीं उलझना चाहता। जूनी इंदौर एसडीएम घनश्याम धनगर का कहना है कि कुछ किराएदार भी हैं। उन्हें समझाया गया कि दूसरी जगह मकान ले लें। आज फिर हमारी टीम समझाइश देने जाएगी। आज पुलिस बल न मिलने के कारण अब कल यह कार्रवाई रखी गई है, क्योंकि 26 नवंबर तक अदालती आदेश के मुताबिक कार्रवाई पूरी कर मलबा हटवाकर जमीन का कब्जा सौंपना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved