
डेस्क: ब्रिटेन की एक एआई कंपनी में डायरेक्टर रहीं डॉ. डैन लुओ और उनकी कंपनी के बीच का विवाद इन दिनों काफी चर्चा में है. कंपनी ने उन्हें काम में लापरवाही और सुस्ती का ताना देकर नौकरी से निकाल दिया था, लेकिन अब लंदन साउथ एम्प्लॉयमेंट ट्रिब्यूनल ने फैसला सुनाया है कि कंपनी का यह कदम पूरी तरह गलत और नियमों के खिलाफ था. अदालत ने माना कि कंपनी ने उन्हें अनुचित तरीके से बाहर का रास्ता दिखाया है.
46 साल की डॉ. डैन लुओ मूल रूप से चीन में मेडिकल डॉक्टर थीं. साल 2020 में वह ब्रिटेन शिफ्ट हो गईं और अक्टूबर में ही ‘ब्लू स्ट्रॉबेरी एआई’ (जो पहले कैंटरबरी एआई के नाम से थी) से जुड़ गईं. लुओ ने इस कंपनी में पैसे भी इन्वेस्ट किए थे, इसलिए वह कंपनी में शेयरहोल्डर, डायरेक्टर और कर्मचारी तीनों भूमिकाओं में थीं. कंपनी को यह बात अच्छे से पता थी कि लुओ का मेडिकल बैकग्राउंड है, इसलिए उन्हें बिजनेस का कोई पुराना अनुभव नहीं है.
सबकुछ ठीक चल रहा था, लेकिन फरवरी 2022 में कंपनी के दूसरे डायरेक्टर वेस्ली बेकर को उनके काम पर ऑब्जेक्शन होने लगा. बात तब और बिगड़ गई जब बेकर ने कंपनी में निवेश करने वाली संस्था को एक ईमेल भेजा. इसमें उन्होंने लुओ पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘हद से ज्यादा आलसी’ तक कह दिया. उन्होंने यह भी कह डाला कि लुओ का काम एक स्कूल के बच्चे जैसा है, जिससे कंपनी को घाटा हो रहा है.
जुलाई 2022 में बेकर ने हद पार करते हुए लुओ को सीधे मेल किया और आरोप लगाया कि उन्होंने उन्हें ऑफिस की डेस्क पर सोते हुए पकड़ा है. इसके अलावा उन पर जल्दी घर जाने और छोटे-छोटे कामों में बहुत ज्यादा वक्त लगाने के आरोप भी लगाए गए. लुओ ने इन सभी बातों को अपने ऊपर पर्सनल अटैक बताया और पलटवार किया. इसके बाद बेकर ने उनके साथ काम करने से साफ इनकार कर दिया.
सितंबर 2022 में लुओ की पीठ पीछे एक मीटिंग हुई और उन्हें बता दिया गया कि बोर्ड से उन्हें हटाया जा रहा है. हालांकि, कागजों पर उनका डायरेक्टर पद बना रहा. लेकिन अप्रैल 2023 में लुओ को पता चला कि कंपनी ने सरकारी रिकॉर्ड्स (कंपनीज हाउस) में उनके डायरेक्टर पद के खत्म होने का फॉर्म भी जमा करा दिया है, जिससे साफ था कि उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है.
एम्प्लॉयमेंट जज जेम्मा कॉथ्रे ने सुनवाई के दौरान साफ कहा कि कंपनी ने इस पूरे मामले को संभालने में बहुत Unprofessional रवैया अपनाया. न तो लुओ के काम की कमियों को सही तरीके से एड्रेस किया गया और न ही दोनों डायरेक्टर्स के बीच के झगड़े को सुलझाने की कोई गंभीर कोशिश हुई. कंपनी ने उन्हें एक अजीब सी ‘अशंका और अधर’ वाली स्थिति में छोड़ दिया था. ट्रिब्यूनल ने माना कि कंपनी ने उन्हें बिना नोटिस दिए और उनकी सैलरी से 4,333 पाउंड की अवैध कटौती करके नियमों का उल्लंघन किया है. हालांकि, लुओ को मुआवजे (compensation) के तौर पर कितनी रकम मिलेगी, इस पर अभी फैसला आना बाकी है.
इस केस की सबसे दिलचस्प बात यह है कि अदालत ने इस बात पर चर्चा नहीं की कि लुओ सच में आलसी थीं या डेस्क पर सोती थीं या नहीं. कोर्ट का पूरा फोकस इस बात पर था कि किसी कर्मचारी या डायरेक्टर को नौकरी से हटाने का जो तरीका कंपनी ने अपनाया, वह कानूनन बिल्कुल गलत था.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved