img-fluid

रामायण-महाभारत की सीख से प्रभावित हुए न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी, हिंदू धर्म की जमकर की प्रशंसा

November 19, 2026

नई दिल्ली। अमेरिका (America) में भारतीय और दक्षिण एशियाई समुदायों के खिलाफ बढ़ती नस्लीय नफरत के बीच न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी (New York Mayor Zohran Mamdani) ने इसके खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने हिंदुओं और सिखों (Hindus and Sikhs) को निशाना बनाए जाने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि नफरत फैलाने वालों को रोकना और ऐसी विचारधारा को समाज से दूर करना सभी की जिम्मेदारी है। ममदानी ने कहा कि जिस नफरत को कभी समाज के हाशिये पर माना जाता था, वह अब राजनीतिक अभियानों का हिस्सा बनती जा रही है।

मंगलवार को न्यूयॉर्क में आयोजित दिवाली समारोह में उन्होंने हिंदू धर्म की प्रशंसा की और रामायण तथा महाभारत जैसे महाकाव्यों का उल्लेख किया। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब अमेरिका के 13 सांसदों ने सिएटल में दिवाली कार्यक्रम में कथित तौर पर बाधा डालने की घटना को संभावित हेट क्राइम मानते हुए जांच की मांग की है। आरोप है कि दो दक्षिणपंथी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने इस कार्यक्रम में खलल डाला था।

हिंदू मंदिरों और सिख समुदाय को निशाना बनाए जाने पर चिंता
दिवाली समारोह को संबोधित करते हुए ममदानी ने पिछले 12 महीनों में हिंदुओं और सिखों के खिलाफ नफरत से जुड़ी कई घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीते एक साल में हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया। यहां तक कि अमेरिकी केंद्र सरकार के शीर्ष स्तर पर बैठे नेताओं की ओर से भी सिख समुदाय को निशाना बनाया गया है।

ममदानी ने कहा कि नफरत की राजनीति अब समाज के हाशिये तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि राज्य स्तर के चुनावी अभियानों में भी दिखाई देने लगी है। उन्होंने लोगों से विभाजन और नफरत फैलाने वाली राजनीति को खारिज करने की अपील करते हुए कहा कि समाज में ऐसी सोच के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।


  • दिवाली से जुड़ी बचपन की यादें साझा कीं
    न्यूयॉर्क के पहले भारतीय-अमेरिकी मेयर ममदानी ने समारोह में दिवाली से जुड़ी अपनी व्यक्तिगत यादें भी साझा कीं। उन्होंने कहा कि बचपन से परिवार के साथ दिवाली मनाते आए हैं। अब मेयर के रूप में पूरे शहर के लोगों के साथ यह त्योहार मनाना उनके लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। ममदानी ने कहा कि न्यूयॉर्क के लोगों के साथ दिवाली मनाना उनके लिए खास अनुभव है। उनकी मां मीरा नायर पंजाबी हिंदू पृष्ठभूमि से आती हैं।

    रामायण और महाभारत से मिलने वाली सीख का किया उल्लेख
    35 वर्षीय ममदानी ने हिंदू धर्म के प्राचीन ग्रंथों और महाकाव्यों के प्रति अपना सम्मान जताते हुए रामायण और महाभारत की शिक्षाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रामायण हमें बताती है कि एक अच्छा भाई, पत्नी, पति और दोस्त कैसा होना चाहिए। वहीं, महाभारत परिवारों के वास्तविक स्वरूप को सामने रखती है, जहां सबसे बहादुर नायक और सबसे ज्ञानी देवता भी कई बार कठिन परिस्थितियों में लड़खड़ा जाते हैं।

    उन्होंने कहा कि महाभारत यह सीख देती है कि व्यक्ति की निष्ठा से ऊपर उसका धर्म होना चाहिए। ममदानी के मुताबिक, बचपन से ही उनकी मां के परिवार ने उन्हें हिंदू धर्म की सुंदरता और उसकी गहरी समझ से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म के प्राचीन ग्रंथों में यह विचार मिलता है कि सत्य तक पहुंचने के कई रास्ते हो सकते हैं।

    दुर्गा पूजा में भी उठाया था सुरक्षा का मुद्दा
    ममदानी इससे पहले भी अमेरिका में दक्षिण एशियाई समुदायों के खिलाफ बढ़ती नफरत पर चिंता जता चुके हैं। दुर्गा पूजा के एक कार्यक्रम में उन्होंने इलिनोइस के एक हिंदू मंदिर में सामूहिक गोलीबारी की कोशिश का जिक्र किया था।

    उन्होंने कहा था कि हिंदू-अमेरिकी समुदाय के लोगों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में रहने तथा अपने धर्म का पालन करने का पूरा अधिकार है। यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है कि किसी भी व्यक्ति को अपने धर्म के कारण डर के माहौल में न रहना पड़े।

    13 अमेरिकी सांसदों ने सिएटल की घटना की जांच मांगी
    इस बीच, मंगलवार को सार्वजनिक किए गए एक संयुक्त पत्र में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के 13 सांसदों ने सिएटल में दिवाली कार्यक्रम बाधित किए जाने की घटना की जांच की मांग की। सांसदों ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से यह पता लगाने को कहा कि क्या दो दक्षिणपंथी इन्फ्लुएंसर्स की कथित हरकत संघीय कानून के तहत हेट क्राइम की श्रेणी में आती है।

    पत्र पर अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के सभी छह भारतीय-अमेरिकी सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं। सांसदों ने ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, जिनमें FBI निदेशक काश पटेल भी शामिल हैं, से दक्षिण एशियाई समुदाय के खिलाफ नफरत रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी मांगी है।

    सोशल मीडिया पर 5.42 लाख से ज्यादा नफरत भरे पोस्ट
    सांसदों ने अपने पत्र में सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ ऑर्गेनाइज्ड हेट की सितंबर 2026 में जारी एक स्टडी का हवाला दिया। इसके मुताबिक, जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दक्षिण एशियाई समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाले 5.42 लाख से अधिक पोस्ट की पहचान की गई।

    पत्र में यह भी दावा किया गया कि वर्ष 2025 के बाद से अमेरिका में हर चार में से एक भारतीय-अमेरिकी को नस्लीय अपशब्दों का सामना करना पड़ा है। वहीं, करीब हर पांच में से एक भारतीय-अमेरिकी ने सार्वजनिक स्थानों पर भारतीय पहनावा पहनने से परहेज किया है। सांसदों ने इन आंकड़ों के आधार पर दक्षिण एशियाई समुदाय के खिलाफ बढ़ती नफरत पर गंभीर चिंता जताते हुए इसे रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत बताई।

    Share:

  • ट्रंप की नीतियों ने तोड़ी सोने-चांदी की चमक, लेकिन कीमतों के असली खिलाड़ी आम खरीदार नहीं, बड़े निवेशक

    Thu Nov 19 , 2026
    नई दिल्ली। सोने और चांदी (Gold and silver) की कीमतों में इस साल आई भारी गिरावट (Gold and silver) ने निवेशकों से लेकर आम खरीदारों तक को चौंका दिया है। जनवरी में 10 ग्राम सोना 1.75 लाख रुपये के पार पहुंच गया था और इसके दो लाख रुपये तक जाने की उम्मीद जताई जा रही […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved