img-fluid

चीन पहुंचे ट्रंप ने पुतिन से मिलाया हाथ, पास खड़े देखते रहे जिनपिंग; तीनों महाशक्तियों की मुलाकात पर दुनिया की नजर

November 19, 2026

बीजिंग। चीन में आयोजित एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान बुधवार को एक दिलचस्प कूटनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Donald Trump, Vladimir Putin) से हाथ मिलाया, जबकि पास ही खड़े चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस मुलाकात के गवाह बने। तीनों नेताओं के बीच हुए इस अभिवादन ने वैश्विक राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। यूक्रेन और ईरान में जारी संघर्ष के बीच अमेरिका, रूस और चीन के शीर्ष नेताओं की इस मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं।

दरअसल, APEC शिखर सम्मेलन के दौरान आयोजित समूह फोटो सेशन में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अन्य राष्ट्राध्यक्षों का स्वागत कर रहे थे। इसी दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वहां पहुंचे और जिनपिंग से हाथ मिलाया। इसके कुछ देर बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी पहुंचे। पुतिन ने सबसे पहले ट्रंप से हाथ मिलाया। इसके बाद तीनों नेताओं के बीच औपचारिक अभिवादन और बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ।

समूह फोटो के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन मध्य में मौजूद रहे। उनके आसपास ट्रंप और पुतिन सहित अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष भी खड़े दिखाई दिए। इनमें जापान की प्रधानमंत्री तकाइची, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और इंडोनेशिया के प्रतिनिधि समेत कई नेता शामिल थे।



  • ट्रंप-पुतिन की बातचीत पर दुनिया की नजर

    APEC सम्मेलन के दौरान ट्रंप और पुतिन के बीच संभावित बातचीत को लेकर भी कूटनीतिक हलचल तेज है। क्रेमलिन और रूसी मीडिया ने दोनों नेताओं के हाथ मिलाने को महत्वपूर्ण घटनाक्रम बताया है। पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने भी दोनों राष्ट्रपतियों के बीच बातचीत की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं।

    उशाकोव के मुताबिक, सम्मेलन के दौरान अमेरिकी और रूसी राष्ट्रपति की कई बार बातचीत हो सकती है। इसमें गाला डिनर और 19 नवंबर को होने वाले पूर्ण सत्र के दौरान मुलाकात की संभावना भी शामिल है। चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार, तीनों नेताओं की आधिकारिक बैठक 19 नवंबर को प्रस्तावित है।

    जिनपिंग ने एयरपोर्ट पहुंचकर किया ट्रंप का स्वागत

    चीन पहुंचने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने के लिए खुद शी जिनपिंग एयरपोर्ट पहुंचे। इस स्वागत को दोनों नेताओं के बीच कूटनीतिक शिष्टाचार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

    इसकी तुलना ट्रंप के उस व्यवहार से की जा रही है, जब शी जिनपिंग की अमेरिका यात्रा के दौरान उन्होंने खुद एयरपोर्ट पहुंचकर उनका स्वागत किया था। अब ट्रंप की चीन यात्रा के दौरान जिनपिंग ने भी वैसा ही शिष्टाचार दिखाया।

    याल्टा सम्मेलन से क्यों हो रही तुलना?

    अमेरिका, रूस और चीन के नेताओं के एक मंच पर आने को दूसरे विश्व युद्ध के बाद हुए 1945 के याल्टा सम्मेलन से जोड़कर भी देखा जा रहा है। उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल और सोवियत नेता जोसेफ स्टालिन ने युद्ध के बाद की वैश्विक व्यवस्था पर चर्चा की थी।

    हालांकि, मौजूदा परिस्थितियां 1945 से अलग हैं, लेकिन तीनों प्रमुख शक्तियों के बीच सीधे संवाद की अहमियत लगातार बढ़ रही है। वैश्विक राजनीति में बहुपक्षीय संस्थाओं के साथ-साथ अब महाशक्तियों के शीर्ष नेताओं के व्यक्तिगत संवाद और आपसी समझ को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

    यूक्रेन और ताइवान पर पड़ सकता है असर

    तीनों नेताओं की संभावित बातचीत का असर केवल अमेरिका, रूस और चीन तक सीमित नहीं रहेगा। यूक्रेन और ताइवान जैसे संवेदनशील मुद्दे भी इस कूटनीतिक समीकरण के केंद्र में रह सकते हैं।

    अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप कई बार अमेरिका और चीन के बीच जी-2 व्यवस्था की अवधारणा का जिक्र कर चुके हैं। वहीं, रूस की वैश्विक सामरिक ताकत को लेकर भी उनका रुख चर्चा में रहा है। ऐसे में अमेरिका, रूस और चीन के बीच किसी बड़े समझौते या सहमति का असर यूक्रेन की स्थिति पर पड़ सकता है।

    दूसरी ओर, ताइवान को लेकर चीन और अमेरिका के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है। बीजिंग ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, जबकि अमेरिका उसकी सुरक्षा के मुद्दे पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। ऐसे में ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग के बीच किसी भी तरह की सहमति का असर एशिया-प्रशांत क्षेत्र की रणनीतिक स्थिति पर भी पड़ सकता है।

    ईरान का मुद्दा भी इस त्रिपक्षीय कूटनीतिक बातचीत के लिहाज से अहम है। मध्य पूर्व में जारी तनाव और अमेरिकी सैन्य भूमिका के बीच चीन और रूस के साथ अमेरिका के संबंधों का वैश्विक सुरक्षा पर असर पड़ना तय है।

    फिलहाल, तीनों नेताओं के बीच हुए इस संक्षिप्त अभिवादन ने ही अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में हलचल पैदा कर दी है। अब सबकी नजर 19 नवंबर को प्रस्तावित बैठक और उसके संभावित नतीजों पर है।

    Share:

  • रात 11 बजे कोहरे ने मचाया कहर, दो मोटरसाइकिलों की भीषण टक्कर में 5 युवकों की मौत, 2 अस्पताल रेफर

    Thu Nov 19 , 2026
    नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)के बलरामपुर जिले (Balrampur district)में घने कोहरे के बीच बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे(Horrific road accidents) ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। बलरामपुर-उतरौला मार्ग(Balrampur-Utraula Road) पर अक्सीबड़हरा गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पांच युवकों की मौके […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved