वॉशिंगटन। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी (Democratic Party) ने हकीम जेफ्रीज (Hakeem Jeffries) को नए कांग्रेस सत्र के लिए अपना नेता चुन लिया है। इसके साथ ही उनके सदन के पहले अश्वेत स्पीकर बनने का रास्ता साफ होता दिखाई दे रहा है। जनवरी में नए कांग्रेस सत्र की शुरुआत के साथ प्रतिनिधि सभा में होने वाला औपचारिक मतदान उनकी नियुक्ति का अंतिम चरण होगा।
मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के करीब दो सप्ताह बाद पार्टी ने जेफ्रीज के नाम पर मुहर लगाई। हालांकि, कुछ नवनिर्वाचित प्रगतिशील सांसदों ने उनकी उम्मीदवारी का विरोध किया और समर्थन के बदले नीतिगत मुद्दों पर ठोस आश्वासन मांगे।
गोपनीय मतदान में 11 सांसदों ने किया विरोध
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी के गोपनीय मतदान में 11 डेमोक्रेटिक सांसदों ने जेफ्रीज के खिलाफ वोट दिया। इसके बावजूद जनवरी में उनके स्पीकर चुने जाने की संभावना मजबूत मानी जा रही है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, विरोध करने वाले सांसद भी सदन में होने वाले अंतिम मतदान में उनका समर्थन कर सकते हैं।
नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत में जेफ्रीज ने कहा कि अमेरिकी जनता बड़े और बुनियादी बदलाव चाहती है। मौजूदा स्थिति स्वीकार्य नहीं है और डेमोक्रेटिक पार्टी लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रगतिशील सांसदों ने रखीं नीतिगत शर्तें
जेफ्रीज की उम्मीदवारी का विरोध करने वाले सात नवनिर्वाचित प्रगतिशील डेमोक्रेटिक सांसदों ने मेडिकेयर फॉर ऑल यानी सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा योजना पर मतदान कराने और गाजा में कथित नरसंहार समाप्त करने जैसे मुद्दों पर प्रतिबद्धता की मांग की।
इन सांसदों में न्यूयॉर्क की डारियालिजा एविला शेवेलियर और क्लेयर वाल्डेज, न्यू जर्सी के एडम हमावी, टेक्सास के फ्रेडरिक हेन्स, कोलोराडो की मेलाट किरोस, मिशिगन के डोनावन मैकिनी और पेंसिल्वेनिया के क्रिस रैब शामिल हैं।
डेमोक्रेटिक सांसद डॉन लियोनार्ड ने भी जेफ्रीज के नामांकन के खिलाफ मतदान किया। उन्होंने चुनावी चंदे से जुड़े नियमों में सुधार और इजराइल को अमेरिकी सहायता रोकने के मुद्दे पर मतदान कराने का आश्वासन मांगा। लियोनार्ड ने कहा कि इन मुद्दों पर स्पष्ट प्रतिबद्धता मिलने तक वह समर्थन नहीं करेंगे।
पार्टी के भीतर विरोध पर जेफ्रीज ने कहा कि डेमोक्रेट्स का काम मैगा कट्टरपंथ का मुकाबला करना है, न कि आपस में लड़ना।
पार्टी के विभिन्न गुटों से किया संपर्क
नामांकन से पहले जेफ्रीज ने उन नवनिर्वाचित सांसदों से व्यक्तिगत मुलाकात की, जिन्होंने सार्वजनिक रूप से उनके समर्थन की घोषणा नहीं की थी। इनमें कई सांसद डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स ऑफ अमेरिका से जुड़े थे। उन्होंने पार्टी के विभिन्न गुटों से भी बातचीत की। इनमें सेंटरिस्ट सांसद, न्यू डेमोक्रेट कोएलिशन, ब्लू डॉग कॉकस और कांग्रेसनल प्रोग्रेसिव कॉकस शामिल हैं।
जेफ्रीज को वरिष्ठ सांसद जिम क्लाइबर्न का भी मजबूत समर्थन मिला। क्लाइबर्न कांग्रेसनल ब्लैक कॉकस के वरिष्ठ सदस्यों में शामिल हैं। उन्होंने पार्टी सांसदों को संबोधित करते हुए कहा कि जेफ्रीज सुर्खियों के बजाय ठोस प्रगति में विश्वास रखते हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के प्रस्तावों का समर्थन
जेफ्रीज ने शुक्रवार को सार्वभौमिक स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था से जुड़े कई प्रमुख प्रस्तावों का समर्थन किया। इनमें मेडिकेयर के लिए पात्रता की उम्र घटाना, बच्चों को सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज देने के लिए नई योजना शुरू करना और मेडिकेयर के दायरे में सुनने, दांतों तथा आंखों से संबंधित सेवाओं को शामिल करना शामिल है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved