
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने स्कूल-कॉलेजों में बच्चों की मानसिक सेहत को बेहतर बनाने के लिए EHSAAS 2026 Mental Health & Well-Being Policy लॉन्च की है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उपराज्यपाल, धार्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर, शिक्षा मंत्री आशीष सूद और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की मौजूदगी में शिक्षा विभाग ने इस नीति की शुरुआत की. इसके तहत बच्चों और युवाओं में तनाव, चिंता और अवसाद जैसी मानसिक परेशानियों की शुरुआती पहचान कर उन्हें समय पर मदद दी जाएगी.
नीति में स्कूलों में हर 500 विद्यार्थियों पर एक काउंसलर और उच्च शिक्षण संस्थानों में हर 100 विद्यार्थियों पर एक काउंसलर रखने का प्रावधान किया गया है. इसके अलावा 24 घंटे मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन शुरू करने की भी घोषणा की गई है. इस नीति के तहत सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के साथ कॉलेजों में भी मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाएगा. हर स्कूल में स्कूल वेल-बीइंग कमेटी और वेलनेस टीम बनाई जाएगी.
शिक्षकों, प्रिंसिपल, दूसरे कर्मचारियों और स्कूल बस के ड्राइवर-कंडक्टर को भी बच्चों के व्यवहार और भावनात्मक बदलाव पहचानने का प्रशिक्षण दिया जाएगा. विद्यार्थियों की मानसिक स्थिति का समय-समय पर आकलन होगा और जरूरत पड़ने पर उन्हें काउंसलिंग व विशेषज्ञों की मदद दी जाएगी. बुलिंग और साइबर बुलिंग रोकने के लिए भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि बच्चे बिना डर के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें. नीति में विद्यार्थियों को आत्महत्या और खुद को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाओं से बचाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. इसके लिए छह स्तरों पर सहायता व्यवस्था बनाई जाएगी. जरूरत पड़ने पर बच्चों को जिला वेलनेस सेंटर, अस्पताल और विशेषज्ञों से जोड़ा जाएगा.
संकट की स्थिति के बाद भी उनकी नियमित निगरानी और फॉलोअप किया जाएगा. वहीं, स्कूलों को हर तीन महीने में अपनी वेलनेस सेवाओं की रिपोर्ट देनी होगी. डिजिटल पोर्टल के जरिए स्कूलों की व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी. सरकार का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई और परीक्षा के तनाव से राहत देने के साथ उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करना है.
रेखा गुप्ता ने कहा, ‘आज दिल्ली सरकार के स्कूल कॉलेज में लाखों बच्चे पढ़ रहे है. आपको एक हादसा याद होगा फरीदाबाद में एक 8 साल के बच्चे से 6 साल की बच्ची की पत्थर से जान लेने की कोशिश की. इस पर हम यही कहेंगे कि उसके मानसिक रूप से परेशान होने की जानकारी मिलती है. ऐसे बच्चे जो दिमागी रूप से थोड़ा परेशान रहते है उन बच्चों के लिए ये हमारी पॉलिसी काफी मददगार साबित होगी. दिल्ली की सभी जनता को बधाई देती हूं, अपने विभाग के सभी अधिकारियों को मै फिर से बधाई देती हूं.’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved