
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां (Azam Khan) के खिलाफ 106 मुकदमें दर्ज हैं। अब तक के रिकार्ड को देखें तो केवल 16 मुकदमों में ही फैसला आया है। इनमें आठ में वह बरी हुए और इतने ही मुकदमों में सजा भी हुई। एक मामले में तो अभी कस्टडी रिमांड भी बननी है। सबसे बड़ी बात तो यही है कि जिस मामले में अभी जमानत मिली और वह बाहर आए हैं, उसी मामले में जमानत के खिलाफ गुरुवार को ही सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में सुनवाई होनी है। ऐसे में सवाल यही है कि कितने दिन आजम खां जेल से बाहर रह सकेंगे।
सुप्रीम कोर्ट और फिर हाईकोर्ट में कानूनी लड़ाई लड़ने के बाद भले ही सपा के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आ गए हों, लेकिन उनकी मुश्किलें कम होने वाली नहीं हैं। उनके खिलाफ दर्ज कई मुकदमों में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ेगी। कुछ मामलों में पुलिस की विवेचना जारी है तो कुछ अदालत में सुनवाई और फैसले के करीब हैं।
यूपी में योगी सरकार आने पर 2019 से आजम खां पर मुकदमे दर्ज होने शुरू हो गए थे। सभी में आरोप पत्र लग चुके हैं और न्यायालय में सुनवाई चल रही है। एक मुकदमा इसी साल 13 अक्टूबर को ईडी ने अजीमनगर थाने में दर्ज कराया था। इसमें अभी उनका कस्टडी रिमांड नहीं बना है। इन सात सालों में आजम खां पांच साल जेल में रहे। पहली बार 27 माह, दूसरी बार 23 माह, तीसरी बार 11 महीने और अब चौथी बार 18 दिन जेल में रहने के बाद बाहर आए हैं।
आजम खां के अब तक जिन मुकदमों में फैसला हुआ है, उसमें एक मुरादाबाद का है। 13 फरवरी 2023 को मुरादाबाद की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने आजम खान और अब्दुल्ला को छजलैट में हाईवे जाम करने के मामले में दो-दो साल की सजा सुनाई थी। इसमें अब्दुल्ला की विधायकी चली गई थी। अन्य मामलों में रामपुर की अदालत से फैसले हुए।
इन मुकदमों में 27 अक्टूबर 2022 को मिलक कोतवाली में दर्ज भड़काऊ भाषण के मामले में उन्हें तीन साल की सजा सुनाई थी। सजा के खिलाफ उन्होंने एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (सेशन ट्रायल) में अपील की थी। सजा के फैसले को सेशन कोर्ट ने निरस्त कर दिया था।
इसके बाद 15 जुलाई 2023 को भड़काऊ भाषण के एक दूसरे मामले में एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) ने आजम खान को दो साल कैद और ढाई हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। यह सजा शहजादनगर थाने में दर्ज मुकदमे में हुई थी।
ये केस भी बढ़ाएंगे मुश्किलें
लखनऊ में जल निगम में कथित घोटाले के मामले में भी आजम खां के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। इसके अलावा रामपुर का चर्चित डूंगरपुर प्रकरण फैसले के करीब है। भोट थाने में दर्ज नफरती भाषण के मामले में भी फैसला आने की स्थिति है। उधर, आयकर विभाग की जांच भी अलग से चल रही है। ऐसे में अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद भी आजम खां को इन मामलों में कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ेगा।
ईडी के मामले में कस्टडी रिमांड पर होनी है सुनवाई
ईडी के मामले में अभी कस्टडी रिमांड पर सुनवाई होनी है। 13 अक्तूबर को ईडी ने अजीमनगर थाने में आजम खां, उनके जौहर ट्रस्ट समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें विश्वविद्यालय निर्माण में सरकारी धन के गबन और धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं। इस मामले की विवेचना सीओ टांडा पंकज पंत कर रहे हैं। उन्होंने 29 अक्तूबर को न्यायालय में इस प्रकरण का हवाला देते हुए आजम खां के खिलाफ रिमांड वारंट जारी करने का अनुरोध किया था। हालांकि, ईडी की हिरासत में होने के चलते पुलिस की रिमांड याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी थी।
इस प्रकरण में पुलिस की विवेचना अभी जारी है। विवेचना पूरी होने के बाद आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया जा सकता है। वहीं, गंज कोतवाली में दर्ज गवाह को धमकाने के मामले में भी आजम खां की मुश्किलें बनी हुई हैं। इस केस में पत्रावली बयान मुल्जिमान के लिए लगी है।
पहली बार सरेंडर के बाद सुप्रीम कोर्ट से मिली थी जमानत
2019 में केस शुरू होने पर 2020 में आजम खां ने कोर्ट में सरेंडर किया और जेल भेज दिए गए थे। इस दौरान उन्हें रामपुर जेल से सीतापुर जेल शिफ्ट किया गया था। सुप्रीम कोर्ट से जमानत मंजूर होने के बाद वह करीब 27 माह जेल में रहने के बाद 20 मई 2022 को सीतापुर जेल से रिहा हुए थे।
17 महीने बाद दोबारा जेल, 23 महीने बाद रिहाई
सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत के 17 महीने बाद आजम दोबारा जेल भेज दिए गए थे। इस बार बेटे और पत्नी को भी जेल भेजा गया था। अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में 18 अक्तूबर 2023 को एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट ने मोहम्मद आजम खां, अब्दुल्ला आजम और तजीन फातमा को सात-सात साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद आजम खां को सीतापुर और अब्दुल्ला आजम को हरदोई जेल में रखा गया था। इस मामले में आजम खां 23 माह बाद 22 सितंबर 2025 को सलाखों से बाहर आए थे।
दो महीने बाद ही तीसरी बार भेजे गए जेल
22 सितंबर 2025 को जेल से बाहर आने के बाद 17 नवंबर 2025 को आजम खां और अब्दुल्ला आजम जेल भेज दिए गए थे। अब्दुल्ला के दो पैनकार्ड मामले में एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट से दोनों को सजा हुई थी। इसके बाद आजम खां को जिला जेल में बंद किया गया था। यहां से 11 माह 14 दिन बाद 31 अक्टूबर को उन्हें रिहाई मिली थी। हालांकि, जेल से बाहर आने के करीब 20 मिनट बाद ही ईडी ने उन्हें कस्टडी में ले लिया और अपने साथ ले गई थी। इसके बाद हाईकोर्ट ने मंगलवार को आजम को इस मामले में भी जमानत दी और अब फिर से आजम जेल से बाहर आ गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved