img-fluid

100 गांवों के किसानों से रोज डेढ़ करोड़ का दूध खरीद रही अमूल

November 19, 2026

  • हर दिन 2 लाख लीटर से अधिक दूध किसानों से खरीदा जा रहा- छोटे किसानों से 3 से 5 लीटर तक दूध ले रही कंपनी

उज्जैन (इंदरसिंह चौहान)। विक्रम उद्योगपुरी में शुरू हुआ अमूल का प्लांट अब उज्जैन तथा आसपास के गांवों के दूध उत्पादक किसानों के लिए कमाई का बड़ा जरिया बन रहा है। कंपनी उज्जैन के करीब 100 गांवों के किसानों से रोजाना 2 लाख लीटर से अधिक दूध खरीद रही है और प्रतिदिन करीब डेढ़ करोड़ रुपए का भुगतान किसानों को कर रही है।
खास बात यह है कि कंपनी बड़े पशुपालकों के साथ छोटे दूध उत्पादकों से भी दूध ले रही है। किसी किसान के पास महज 3 से 5 लीटर दूध है तो भी कंपनी उसे खरीद रही है। इससे छोटे किसानों को भी अपना दूध बेचने के लिए बाजार तलाशने की जरूरत नहीं पड़ रही।एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक राजेश राठौड़ के मुताबिक अमूल कंपनी विभिन्न उत्पादों के निर्माण के लिए स्थानीय किसानों से नियमित रूप से दूध खरीद रही है। औसतन 15 से 20 गांवों से कंपनी करीब 40 हजार लीटर दूध ले रही है। इसी आधार पर करीब 100 गांवों से रोजाना 2 लाख लीटर से अधिक दूध की खरीदी हो रही है। किसानों को दूध का भुगतान भी समय पर किया जा रहा है। इससे उन्हें दूध बेचने के लिए निश्चित बाजार मिल रहा है और भुगतान अटकने की चिंता भी नहीं रहती।


  • रोज करीब डेढ़ करोड़ रुपए का कारोबार…
    श्री राठौड़ के मुताबिक अमूल की इस खरीदी का सबसे बड़ा फायदा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल रहा है। करीब 100 गांवों के किसानों से कंपनी रोजाना लगभग 1 करोड़ 40 लाख रुपए का दूध खरीद रही है। यानी दूध के कारोबार के जरिए हर दिन बड़ी रकम सीधे गांवों के पशुपालकों और दूध उत्पादकों तक पहुंच रही है। इससे किसानों की नियमित आमदनी का रास्ता खुला है। खासकर छोटे पशुपालकों के लिए यह व्यवस्था फायदेमंद साबित हो रही है, क्योंकि कम मात्रा में दूध होने के बावजूद उन्हें खरीदार मिल रहा है।

    लोडिंग वाहन और चालकों को भी काम…
    गांवों से विक्रम उद्योगपुरी स्थित अमूल प्लांट तक दूध पहुंचाने के लिए 125 से अधिक लोडिंग वाहन रोजाना आवाजाही कर रहे हैं। प्रत्येक वाहन में ड्राइवर के साथ एक हेल्पर भी रहता है। इस तरह परिवहन व्यवस्था से ही 250 से अधिक लोगों को काम मिल रहा है। इसके अलावा जिन लोगों ने अपने वाहन कंपनी के परिवहन कार्य में किराए पर लगा रखे हैं, उन्हें भी नियमित कमाई हो रही है। छोटे दूध उत्पादक किसान अपने दोपहिया वाहनों से भी दूध लेकर प्लांट तक पहुंच रहे हैं।

    सैकड़ों लोगों को प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रोजगार…
    अमूल प्लांट स्थानीय स्तर पर रोजगार का भी बड़ा केंद्र बन रहा है। यहां करीब 300 लोग सीधे तौर पर काम कर रहे हैं। वहीं प्लांट से जुड़े दूसरे कामों और सेवाओं के माध्यम से लगभग 300 अन्य लोगों को भी रोजगार मिला हुआ है। दूध का संग्रहण, परिवहन और अन्य गतिविधियां ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहर तक लोगों की आमदनी बढ़ा रही हैं। इस तरह अमूल प्लांट का फायदा सिर्फ कंपनी तक सीमित नहीं है। एक ओर करीब 100 गांवों के किसानों को दूध का नियमित खरीदार मिला है, वहीं दूसरी ओर परिवहन, वाहन संचालन और प्लांट से जुड़ी गतिविधियों में भी रोजगार के अवसर बने हैं।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved