
नई दिल्ली: यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. दिल्ली की साकेत कोर्ट ने उनके खिलाफ आठ साल पुराने आपराधिक मानहानि मामले में गैर-जमानती वारंट जारी किया है. अदालत में पेश नहीं होने और पहले जारी किए गए जमानती वारंट की तामील नहीं हो पाने के बाद कोर्ट ने यह कदम उठाया है. मामले की अगली सुनवाई अब 3 दिसंबर को होगी. इससे पहले 17 अक्टूबर 2026 को साकेत कोर्ट ने ध्रुव राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था.
इस मामले में साकेत कोर्ट को बताया गया था कि समन की तामील कराने के लिए जब प्रोसेस सर्वर उनके गुरुग्राम स्थित आवास पहुंचा तो वहां ताला लगा मिला. इसके बाद कोर्ट ने उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए 31 अक्टूबर को फिर से जमानती वारंट जारी किया था. हालांकि, इस वारंट की भी तामील नहीं हो सकी. इसके बाद अदालत ने 23 नवंबर को उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया.
ध्रुव राठी के खिलाफ यह आपराधिक मानहानि का मामला साल 2018 में दर्ज कराया गया था. शिकायतकर्ता विकास सांक्रित्यायन उर्फ विकास पांडे की यह शिकायत ध्रुव राठी के यूट्यूब चैनल पर मई 2018 में अपलोड किए गए वीडियो ‘BJP IT Cell Part 2’ से जुड़ा है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस वीडियो में ध्रुव राठी ने उनके बारे में ऐसे दावे किए, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा.
वीडियो में कथित तौर पर आरोप लगाया गया था कि बीजेपी आईटी सेल के लोगों ने विकास पांडे को ध्रुव राठी के खिलाफ अभियान चलाने और उन्हें बदनाम करने के लिए पैसे देने की कोशिश की थी. विकास पांडे ने इन आरोपों को गलत बताते हुए आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी. यह शिकायत ध्रुव राठी के अलावा वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने वाले अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भी की गई थी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved