img-fluid

जिस शख्स की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर वही बोला… मैंने तो कोई शिकायत की ही नहीं!

November 23, 2026

 

  • गाडरवारा में खाकी पर बड़ा सवाल

नरसिंहपुर। सिवनी के बाद अब नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक सड़क हादसे के बाद हुए प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज तो कर ली, लेकिन अब पूरी कार्रवाई की बुनियाद ही कटघरे में आ गई है। जिस शख्स के लिखित आवेदन और शिकायत को आधार बनाकर पुलिस ने मामला दर्ज किया था, उसी कथित शिकायतकर्ता ने अब सामने आकर सनसनीखेज खुलासा किया है कि उसने न तो कोई शिकायत की और न ही वह थाने गया था।


  • सड़क हादसे से शुरू हुआ विवाद
    दर असल पूरा मामला एक दर्दनाक सड़क हादसे से जुड़ा है। बीते 15 नवंबर की रात गाडरवारा में हाइवा वाहन की चपेट में आने से 23 वर्षीय शिवकुमार जाटव की मौत हो गई थी। घटना के अगले दिन आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे और हाइवा पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर स्टेट हाईवे पर शव रखकर करीब पांच घंटे तक प्रदर्शन किया था। इस दौरान मौके पर पहुंचीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता पटेल ने पीडि़त परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद भी दी थी। इसके दो दिन बाद, यानी 17 नवंबर की रात करीब दो बजे गाडरवारा पुलिस ने इस प्रदर्शन के सिलसिले में 11 नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। इस मुकदमे में कांग्रेस जिला अध्यक्ष के पति सुरेंद्र पटेल उर्फ मझले भैया, गौतम पटेल, भाजपा नेता मनोज दुबे और किसान नेता रोहित ढिमोले समेत कुल 12 लोगों को आरोपी बनाया गया।

    मैंने न आवेदन दिया, न थाने गया
    पुलिस ने इस पूरी एफआईआर का आधार नांदनेर निवासी एंबुलेंस चालक बाबूलाल रजक की शिकायत को बनाया था। एफआईआर के मुताबिक, बाबूलाल थाने पहुंचे थे, उन्होंने लिखित आवेदन दिया और कार्रवाई की मांग की थी।
    लेकिन जब मीडिया और सार्वजनिक पटल पर यह मामला आया, तो खुद बाबूलाल रजक ने सामने आकर पुलिस के इन दावों की हवा निकाल दी। बाबूलाल का कहना है कि- न तो वे उस रात थाने गए थे, न ही उन्होंने कोई लिखित आवेदन दिया था, और न ही किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की थी। बाबूलाल का सीधा आरोप है कि पुलिस ने खुद ही उनके नाम से फर्जी आवेदन तैयार किया और उसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर डाली।

    सीएम, डीजीपी और मानवाधिकार आयोग तक पहुंचा मामला
    अपने नाम से कथित तौर पर फर्जी एफआईआर दर्ज होने से आहत बाबूलाल रजक ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पुलिस महानिदेशक, नरसिंहपुर एसपी और मानवाधिकार आयोग से की है। उन्होंने गाडरवारा थाना प्रभारी अशोक चौहान सहित जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई करने और उनके नाम से दर्ज इस फर्जी एफआईआर को तुरंत निरस्त करने की मांग की है। यही नहीं, बाबूलाल ने 17 नवंबर की रात गाडरवारा थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित रखने की भी मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि जिस शिकायतकर्ता के थाने पहुंचने का दावा पुलिस कर रही है, वह वास्तव में वहां मौजूद था भी या नहीं।

    कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
    इस बड़े खुलासे के बाद एफआईआर में आरोपी बनाए गए कांग्रेस नेता सुरेंद्र पटेल उर्फ मझले भैया ने भी पुलिस प्रशासन के खिलाफ तीखा मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से थाना प्रभारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही न्यायसंगत कदम नहीं उठाए गए, तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
    एक तरफ आन्दोलनकारियों द्वारा जाम लगाकर एम्बुलेंस को रास्ता न दिये जाने की बात सामने आई है, जिस पर विधि सम्मत कार्यवाही किया जाना चाहिए। लेकिन यह कार्यवाही विधि सम्मत ही हो यह जिम्मेदारी पुलिस की बनती है। यदि शिकायतकर्ता के आरोप सच साबित होते हैं, तो यह महज एक कागजी गलती नहीं, बल्कि पुलिस की जवाबदेही, कानून के शासन और न्यायिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर एक बहुत बड़ा धब्बा है। फिलहाल, इस गंभीर विरोधाभास और खुलासे के बाद पुलिस विभाग के भीतर हड़कंप मचा हुआ है और अब देखना यह होगा कि आला अधिकारी इस मामले में क्या और कब एक्शन लेते हैं।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved