
उज्जैन। महाकवि कालिदास का साहित्य केवल काव्य और सौंदर्य तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आधुनिक जीवन की चुनौतियों से निपटने के सूत्र भी मौजूद हैं। निर्णय लेने, समस्या का समाधान खोजने, तनाव से निपटने और बेहतर संवाद जैसे जीवन कौशल का उल्लेख कालिदास ने अपनी रचनाओं में हजारों साल पहले ही कर दिया था। रविवार को 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी में विद्वानों ने कालिदास के साहित्य की इसी वैश्विक प्रासंगिकता पर विचार रखे। वैश्विक परिवेश में कालिदास विषय पर आयोजित संगोष्ठी के पहले सत्र में गुजरात के पोरबंदर से आए डॉ. स्नेहल जोशी ने मेघदूत के संदर्भ में संबोधनों की काव्यात्मक विशेषताओं को समझाया।
आज शोध सत्र, व्याख्यान और नाटक होंगे
कालिदास समारोह में सोमवार को सुबह 10 बजे राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का दूसरा सत्र होगा। इसकी अध्यक्षता महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. शिवशंकर मिश्र करेंगे। शाम 4.30 बजे पद्मश्री वि. वाकणकर स्मृति व्याख्यान होगा। इसमें जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रो. हरिराम मिश्र मुख्य अतिथि और प्रो. अरुण रंजन मिश्र मुख्य वक्ता रहेंगे। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज अध्यक्षता करेंगे, जबकि प्रो. शैलेन्द्र कुमार पाराशर विशिष्ट अतिथि रहेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बंदना फिल्म्स एंड इंटरटेनमेंट की ओर से श्री बिन्दु दारा सिंह द्वारा प्रस्तुत महाकाल द प्ले का मंचन किया जाएगा।
संस्कृत और भारतीय संस्कृति पर जारी डाक टिकट दिखाए
संगोष्ठी के साथ महाकवि कालिदास और संस्कृत विषय पर जारी डाक टिकटों की प्रदर्शनी लगाई गई। भोपाल के डीआर मंडल ने इसका संयोजन किया। प्रदर्शनी में 1959 से 2024 तक जारी कई महत्वपूर्ण डाक टिकट और पोस्टकार्ड प्रदर्शित किए गए। इनमें शकुन्तला, मेघदूत, वंदे मातरम्, सम्राट विक्रमादित्य, अहिंसा परमो धर्म:, वसुधैव कुटुंबकम्, सर्वे भवन्तु सुखिन: और सत्यमेव जयते जैसे विषय शामिल रहे। इसके अलावा वेद-पुराण, चाणक्य, चंद्रगुप्त, अर्थशास्त्र तथा मंडन मिश्र-शंकराचार्य शास्त्रार्थ पर जारी डाक टिकट भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved