
बंगाल: पश्चिम बंगाल (West Bengal) के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा एलान कर दिया है. उन्होंने कहा कि अब पश्चिम बंगाल का नाम बदला जाएगा. शुभेंदु ने कहा कि पश्चिम बंगाल का नया नाम ‘पश्चिम बंग’ होगा. शुभेंदु ने कहा कि अंग्रेजी में भी इसे पश्चिम बंग (Paschim Banga) ही लिखा जाएगा. शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि 9 दिसंबर को इस पर विधानसभा में एक प्रस्ताव लाया जाएगा. इसे पास कर प्रस्ताव को भारत सरकार के पास भेजा जाएगा और फिर इसे संसद में पेश किया जाएगा. शुभेंदु ने बताया कि कैबिनेट ने इसे आज मंजूरी दे दी है.
4 दिसंबर से शुरू हो रहा सत्र
पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू हो रहा है. यह सत्र 14 दिसंबर तक चलेगा. शुभेंदु अधिकारी ने 9 दिसंबर को प्रस्ताव लाने की बात कही है. इसके पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने संकेत दिए थे कि राज्य सरकार प्रदेश का नाम बदलकर पश्चिम बंग कर सकती है. उन्होंने कहा था कि जल्द ही विधानसभा में इसे लेकर प्रस्ताव पेश किया जाएगा.
ममता सरकार बांग्ला रखना चाहती थी नाम
पश्चिम बंगाल के नाम बदलने का मुद्दा पहले से ही चर्चा का विषय रहा है. जब ममता बनर्जी बंगाल की मुख्यमंत्री थीं, तब उनकी सरकार ने राज्य का नाम बदलकर बांग्ला करने का प्रस्ताव रखा था. दरअसल पश्चिम बंगाल को अंग्रेजी में वेस्ट बंगाल लिखते हैं और यह अंग्रेजी के W अक्षर शे शुरू होता है. ऐसे में वर्णमाला के क्रम वाली लिस्ट में यह हमेशा सबसे नीचे आता है. इस बात को लेकर कई बार चिंता जताई जा चुकी है कि इससे प्रशासनिक दिक्कतें आती हैं.
नाम बदलने के पीछे की क्या है वजह?
यही वजह है कि ममता बनर्जी राज्य का नाम बदलकर बांग्ला करना चाहती थीं. इसका प्रस्ताव विधानसभा से पास कर केंद्रीय गृह मंत्रालय के पास भेज भी दिया गया था. लेकिन उसे मंजूरी नहीं मिली. अब शुभेंदु सरकार ने नाम को पश्चिम बंग रखने का फैसला किया है, जो अंग्रेजी में P अक्षर से शुरू होगा. सोमवार को नवान्न में हुई बैठक में नए नाम को मंजूरी दी गई. बैठक के बाद सीएम शुभेंदु ने पत्रकारों से बात करते हुए नाम बदले जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved