मुंबई। महाराष्ट्र के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे (Tukaram Mundhe) इन दिनों अपने कामकाज और सख्त प्रशासनिक रवैये को लेकर चर्चा में हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के आयुक्त का पद संभालने के बाद उन्होंने कई रेस्टोरेंट और वेयरहाउस (Restaurants and Warehouses) में छापेमारी कर कार्रवाई की है। लापरवाही और नियमों के उल्लंघन के मामलों में कई प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी कदम उठाए गए हैं। इसी बीच उनसे पूछा गया कि क्या वह महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनना चाहेंगे? इस पर मुंढे ने दिलचस्प जवाब दिया।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, 22 नवंबर को पुणे के फर्ग्यूसन कॉलेज में आयोजित यूथ फेस्टिवल के दौरान उनसे मुख्यमंत्री बनने की इच्छा को लेकर सवाल किया गया। इसके जवाब में मुंढे ने कहा कि मुख्यमंत्री बनना किसी की विश लिस्ट का हिस्सा हो सकता है, लेकिन उनकी ऐसी कोई विश लिस्ट नहीं है।
उन्होंने कहा कि करीब 10 साल पहले जब वह सोलापुर के कलेक्टर थे, तब उनसे पूछा जाता कि क्या वह कभी FDA आयुक्त बनेंगे तो उनका जवाब होता कि उन्हें नहीं पता। उनके मुताबिक, वह भविष्य के पदों और संभावनाओं को लेकर योजना बनाने के बजाय वर्तमान में अपने काम पर ध्यान देना पसंद करते हैं। फिलहाल वह एक लोक सेवक हैं और अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। भविष्य में क्या होगा, यह समय तय करेगा।
तुकाराम मुंढे इससे पहले अपने बच्चों के करियर को लेकर दिए गए बयान के कारण भी चर्चा में रहे हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि यदि उनके बच्चे उनसे आईएएस बनने के बारे में पूछेंगे तो वह उन्हें ऐसा करने की सलाह नहीं देंगे।
मुंढे के मुताबिक, वह चाहते हैं कि उनके बच्चे नेता या उद्यमी बनें, ताकि वे व्यवस्था के दबाव से मुक्त होकर समाज के विकास में योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी के पास ऊर्जा और ज्ञान की कोई कमी नहीं है। ऐसे में उन्हें ऐसे करियर तक सीमित नहीं रखना चाहिए, जो उनकी स्वतंत्रता को प्रभावित करे।
21 साल की सेवा में 25 बार हुआ तबादला
तुकाराम मुंढे अपनी सख्त कार्यशैली और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के लिए पहचाने जाते हैं। करीब 21 साल की प्रशासनिक सेवा में उनका 25 बार तबादला हो चुका है। उन्होंने एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि अपने कामकाज और जनसेवा के रास्ते में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
मुंढे के मुताबिक, उन्होंने यह कठिन रास्ता खुद चुना था और इसके लिए मानसिक रूप से तैयार थे, लेकिन उनके परिवार को भी बार-बार तबादलों और अन्य परिस्थितियों के कारण कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। यही वजह है कि वह अपने बच्चों को ऐसी राह पर नहीं देखना चाहते, जिसमें परिवार को भी लगातार चुनौतियां झेलनी पड़ें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved