img-fluid

कार्तिक पूर्णिमा पर यूपी के घाटों पर उमड़े 30 लाख श्रद्धालु, प्रयागराज में 10 लाख ने लगाई डुबकी

November 25, 2026

लखनऊ। कार्तिक पूर्णिमा (Kartik Purnima) पर उत्तर प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों (Major pilgrimage sites) और गंगा-सरयू (Ganga-Sarayu) के घाटों पर श्रद्धालुओं (Devotees) का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह होते ही विभिन्न घाटों पर स्नान के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी। काशी से अयोध्या और प्रयागराज (Ayodhya and Prayagraj) से नैमिषारण्य तक करीब 30 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों में स्नान किया। प्रयागराज में सबसे अधिक लगभग 10 लाख लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई, जबकि अयोध्या में करीब पांच लाख श्रद्धालु सरयू स्नान के लिए पहुंचे।

वाराणसी में कार्तिक पूर्णिमा का नजारा विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। शहर के 84 घाटों को करीब 11 लाख मिट्टी के दीयों से रोशन किया गया। गंगा किनारे दीपों की कतारों और श्रद्धालुओं की भीड़ ने घाटों को जगमग कर दिया। इस अवसर पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ 3डी तथा ड्रोन शो भी आयोजित किए गए। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद मंदिरों में दर्शन-पूजन किया।

छत्तीसगढ़ से काशी पहुंचीं श्रद्धालु सुधा झा ने कहा कि योगी सरकार ने सनातन संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने प्रशासन की व्यवस्थाओं की भी सराहना की। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्र शिवम चौबे ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में स्नान का विशेष धार्मिक महत्व है। उनके मुताबिक, प्रशासन और पुलिस के अधिकारी सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।


  • गढ़मुक्तेश्वर से नैमिषारण्य तक उमड़ी भीड़

    कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भीड़ काशी, प्रयागराज और अयोध्या तक ही सीमित नहीं रही। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया। रायबरेली के डलमऊ में लगभग दो लाख लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई। वहीं, सीतापुर के प्राचीन तीर्थस्थल नैमिषारण्य में करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया।

    बलिया में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचे। जिला प्रशासन के अनुसार, दोपहर तक करीब 10 लाख लोगों के स्नान करने का अनुमान था। इस दौरान श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई। स्नान के बाद लोगों ने महर्षि भृगु, दर्दर मुनि और बाबा बालेश्वर नाथ के मंदिरों में दर्शन किए।

    देवरिया में सरयू, घाघरा, राप्ती और छोटी गंडक नदियों के किनारे भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। रेवली और धरहरा क्षेत्र के घाटों पर लोग सोमवार रात से ही पहुंचने लगे थे। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए स्कूलों, कॉलेजों, गेस्ट हाउस और पंचायत भवनों में व्यवस्था की गई थी।

    स्नान, दान और पूजा के साथ संपन्न हुआ कार्तिक मास

    धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदी में स्नान, भगवान की पूजा और दान-पुण्य का विशेष महत्व है। ज्योतिषाचार्य पंडित श्रीराम शर्मा के मुताबिक, इस दिन स्नान और ध्यान के बाद भगवान के समक्ष धूप-दीप जलाने की परंपरा है। अन्न, गर्म कपड़े और अन्य आवश्यक वस्तुओं का दान भी शुभ माना जाता है। इसी परंपरा के तहत कई श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद जरूरतमंदों को अन्न और वस्त्र दान किए। कार्तिक पूर्णिमा के साथ ही एक महीने तक चलने वाला कार्तिक स्नान भी संपन्न हो गया।

    लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने प्रमुख घाटों और मार्गों पर सुरक्षा तथा यातायात के व्यापक इंतजाम किए थे। पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। श्रद्धालुओं को नदी में गहरे पानी की ओर जाने से रोका गया। जल पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें भी अलर्ट रहीं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

    Share:

  • गोल्ड लोन लेने वालों पर मंडराया बड़ा खतरा, डिफॉल्ट में दोगुना उछाल और 3.74 लाख करोड़ पहुंचा कर्ज, कहीं नीलाम न हो जाए आपका सोना

    Wed Nov 25 , 2026
    नई दिल्ली । देश (Country)में गोल्ड लोन (Gold Loan)का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। लोग अपनी आर्थिक जरूरतों (financial needs)को पूरा करने के लिए सोने के गहने गिरवी रखकर बैंकों और गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (Banks and non-banking financial companies)से कर्ज ले रहे हैं। लेकिन अब इस तेजी के साथ एक नई चिंता भी […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved