
ग्वालियर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के ग्वालियर (Gwalior) में सोमवार रात महिला पुलिस अधिकारी (Female police officer) और उनके पति के बीच विवाद का मामला सामने आया। राज्य साइबर पुलिस में पदस्थ महिला टीआई वर्षा सिंह (Female TI Varsha Singh) रात करीब 10 बजे माधौगंज इलाके के सात भाई की गोठ स्थित अपने पति उमेश सिंह के घर बेटे से मिलने पहुंचीं। आरोप है कि पति ने उन्हें अंदर आने से रोकते हुए घर का गेट बंद कर लिया। इससे नाराज होकर वर्षा सिंह ने दरवाजे पर पत्थर मार दिए। इसके बाद पति के बाहर आने पर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
गेट बंद करने पर नाराज हुईं महिला टीआई
जानकारी के मुताबिक, वर्षा सिंह अपने बेटे से मिलने के लिए पति के घर पहुंची थीं। लेकिन उमेश सिंह ने कथित तौर पर उन्हें घर में प्रवेश नहीं करने दिया और गेट बंद कर लिया। इस बात से नाराज महिला टीआई ने दरवाजे पर पत्थर बरसाए। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी होने लगी।
विवाद की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। काफी देर तक पति-पत्नी के बीच घर के बाहर ही बहस होती रही। घटना के चलते मोहल्ले में भी हलचल मच गई।
पति-पत्नी ने थाने पहुंचकर दी शिकायत
विवाद के बाद उमेश सिंह मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ माधौगंज थाने पहुंचे और पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। दूसरी ओर, महिला टीआई वर्षा सिंह ने भी पति और उनके परिजनों पर अभद्रता तथा मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को आवेदन दिया। दोनों पक्ष रात करीब 11 बजे के बाद थाने से रवाना हो गए। पुलिस ने दोनों की शिकायतें लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद
बताया जा रहा है कि वर्षा सिंह और उमेश सिंह के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। बेटे से मिलने को लेकर भी पहले कई बार दोनों के बीच कहासुनी हो चुकी है। सोमवार रात हुई घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ और हलचल बनी रही।
माधौगंज थाना पुलिस के मुताबिक, फिलहाल किसी भी पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है। दोनों ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved