
नई दिल्ली। भारत और बांग्लादेश (India and Bangladesh)के बीच राजनीतिक तनाव (Political tension0एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। (West Bengal)पश्चिम बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह (Minister Arjun Singh)के एक विवादित बयान (Controversial statement)ने दोनों देशों के बीच पहले से चल रही तल्खी को और बढ़ा दिया है। बांग्लादेश की नेशनल सिटीजन पार्टी यानी NCP के संयोजक नाहिद इस्लाम ने मंत्री के बयान पर कड़ी नाराजगी जताते हुए भारत सरकार से उन्हें मंत्रिपद से हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाने की मांग की है। नाहिद इस्लाम ने आरोप लगाया है कि इस तरह के बयान बांग्लादेश की संप्रभुता और राष्ट्रीय अखंडता को चुनौती देने वाले हैं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि बांग्लादेश के 18 करोड़ लोग अपने देश के खिलाफ किसी भी साजिश का जवाब देने के लिए तैयार हैं।
दरअसल विवाद की शुरुआत पश्चिम बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह के उस बयान से हुई जिसमें उन्होंने 16 दिसंबर को बांग्लादेश पर कब्जा करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ जिस तरह अत्याचार और हत्याओं की घटनाएं हुई हैं उनका जवाब देना जरूरी है। मंत्री ने अपने बयान में कहा था कि अब बहुत हो चुका है और बांग्लादेश को माफ नहीं किया जा सकता। उनके इस बयान के बाद बांग्लादेश के राजनीतिक गलियारों में नाराजगी बढ़ गई। नाहिद इस्लाम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबी पोस्ट लिखकर इस बयान को गंभीर बताते हुए भारत सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े किए।
नाहिद इस्लाम का कहना है कि किसी भी देश के नेता को दूसरे संप्रभु राष्ट्र के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने मांग की कि अर्जुन सिंह को तत्काल मंत्रिमंडल से हटाया जाए और उनसे अपना बयान वापस लेने के साथ माफी भी मंगवाई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बयान सामने आने के 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद दिल्ली की सरकार की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आई है। उनके मुताबिक यह चुप्पी बांग्लादेश की संप्रभुता को लेकर गंभीर सवाल पैदा करती है। उन्होंने बांग्लादेश की अपनी सरकार की चुप्पी पर भी नाराजगी जताते हुए इसे कमजोर कूटनीति का संकेत बताया।
इस विवाद के बीच 16 दिसंबर की तारीख भी चर्चा का केंद्र बन गई है। दरअसल वर्ष 1971 में इसी दिन पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। इसके साथ ही बांग्लादेश की आजादी का रास्ता साफ हुआ था। इस दिन को बांग्लादेश में विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। अर्जुन सिंह के बयान में इसी ऐतिहासिक तारीख का उल्लेख होने के कारण विवाद और गहरा गया है।
बांग्लादेश में भारत विरोधी बयानबाजी का सिलसिला भी लगातार चर्चा में है। हाल ही में बांग्लादेश की संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने इस्लामाबाद दौरे के दौरान 1971 के मुक्ति संग्राम में भारत की भूमिका पर सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया था कि बांग्लादेश की आजादी में भारत का योगदान नहीं था और देश के लोगों ने स्वयं संघर्ष करके स्वतंत्रता हासिल की थी। उनके इस बयान को लेकर भी राजनीतिक और कूटनीतिक स्तर पर चर्चा हुई थी।
नाहिद इस्लाम ने भी भारत की भूमिका को लेकर इसी तरह के विचार व्यक्त किए और कहा कि बांग्लादेश की आजादी लाखों लोगों के संघर्ष का परिणाम थी। उन्होंने शेख हसीना की सरकार पर भी आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में बांग्लादेश की संप्रभुता प्रभावित हुई और भारत का प्रभाव बढ़ गया था। उन्होंने यह भी कहा कि शेख हसीना की वापसी अब संभव नहीं होगी। हालांकि शेख हसीना की वापसी को लेकर फिलहाल कोई निश्चित तारीख सामने नहीं आई है।
फिलहाल अर्जुन सिंह के बयान और नाहिद इस्लाम की प्रतिक्रिया के बाद दोनों देशों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आने वाले दिनों में भारत और बांग्लादेश की सरकारों का रुख इस विवाद की दिशा तय कर सकता है। ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर कूटनीतिक संयम और आधिकारिक प्रतिक्रियाएं बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved