
आसिफाबाद: बच्चों द्वारा खेल-खेल में की गई छोटी सी लापरवाही कितनी जानलेवा साबित हो सकती है, इसकी एक हृदय विदारक मिसाल तेलंगाना के कोमुरम भीम आसिफाबाद जिले से सामने आई है. यहां चिंथलमनपल्ली मंडल के गुडेम गांव में 12 वर्षीय बच्चे ने मोबाइल से निकाली गई बैटरी को दांतों से काट लिया. उसी पल बैटरी में एक भयानक विस्फोट हुआ, जिससे बच्चे का पूरा चेहरा बुरी तरह फट गया. अत्यधिक खून बह जाने के कारण अस्पताल पहुंचाने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया.
गुडेम निवासी निकड़ी सरदा और गणेश का 12 वर्षीय बेटा निकड़ी लोकेश स्थानीय सरकारी स्कूल में कक्षा 8 का छात्र था. घटना वाले दिन सुबह बारिश होने की वजह से लोकेश स्कूल नहीं गया था. दोपहर के वक्त जब उसके माता-पिता खेत में काम पर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा घटित हुआ.
हादसा इतनी तेजी से हुआ कि परिजनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. दोपहर का भोजन करते समय लोकेश ने खेल-खेल में घर में रखे कीपैड फोन से छोटी बैटरी निकाली और उसे अपने मुंह में डालकर दांतों से दबा दिया. दांतों का दबाव पड़ते ही बैटरी में एक तेज धमाका हुआ. विस्फोट इतना भीषण था कि मासूम के मुंह, गाल और जबड़े का हिस्सा पूरी तरह उड़ गया.
चीख-पुकार सुनकर दौड़े माता-पिता अपने बच्चे को बचाने के लिए तड़प उठे. आंख और माथे को छोड़कर बच्चे का निचला चेहरा पूरी तरह लहूलुहान हो गया था. सदमे और भीषण दर्द से तड़प रहे लोकेश को परिजन तुरंत अस्पताल ले जाने लगे. रास्ते में अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
इस दर्दनाक हादसे के बाद विशेषज्ञों और डॉक्टरों ने अभिभावकों के लिए सख्त चेतावनी जारी की है. मोबाइल, टॉर्च या चार्जिंग लाइट में इस्तेमाल होने वाली लिथियम/रीचार्जेबल बैटरियों पर दबाव पड़ने या पंक्चर होने से उनमें मौजूद केमिकल्स तुरंत रिएक्ट करते हैं और उनमें विस्फोट हो जाता है. बच्चों को कभी भी पुरानी बैटरियां, मोबाइल फोन, रिमोट या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मुंह में न डालने दें और ऐसी चीजों को उनकी पहुंच से दूर रखें.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved