img-fluid

गोल्ड लोन लेने वालों पर मंडराया बड़ा खतरा, डिफॉल्ट में दोगुना उछाल और 3.74 लाख करोड़ पहुंचा कर्ज, कहीं नीलाम न हो जाए आपका सोना

November 25, 2026

नई दिल्ली । देश (Country)में गोल्ड लोन (Gold Loan)का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। लोग अपनी आर्थिक जरूरतों (financial needs)को पूरा करने के लिए सोने के गहने गिरवी रखकर बैंकों और गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (Banks and non-banking financial companies)से कर्ज ले रहे हैं। लेकिन अब इस तेजी के साथ एक नई चिंता भी सामने आई है। गोल्ड लोन में डिफॉल्ट यानी कर्ज की किस्त या भुगतान नहीं करने वाले ग्राहकों का अनुपात लगभग दोगुना हो गया है। ट्रांसयूनियन सिबिल के आंकड़ों के मुताबिक मार्च 2026 के अंत में गोल्ड लोन का एनपीए अनुपात 0.16 प्रतिशत था जो अगस्त 2026 तक बढ़कर 0.30 प्रतिशत पहुंच गया। वहीं भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़े बताते हैं कि सितंबर 2026 में सोने के आभूषणों के बदले दिया गया कुल बकाया कर्ज बढ़कर 3.74 लाख करोड़ रुपये हो गया है। एक साल पहले सितंबर 2025 में यह आंकड़ा 2.25 लाख करोड़ रुपये था जबकि सितंबर 2024 में गोल्ड लोन का बकाया केवल 1.50 लाख करोड़ रुपये था।

गोल्ड लोन को आमतौर पर सुरक्षित कर्ज माना जाता है क्योंकि इसमें ग्राहक को सोना गिरवी रखना पड़ता है। अगर वह समय पर कर्ज नहीं चुकाता तो वित्तीय संस्थान गिरवी रखे सोने की नीलामी करके अपनी रकम वसूल सकते हैं। इसके बावजूद अब इस क्षेत्र में जोखिम बढ़ता दिखाई दे रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह सोने की कीमतों में आई गिरावट मानी जा रही है। घरेलू बाजार में जनवरी 2026 के दौरान सोने की कीमत करीब 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर तक पहुंच गई थी। इसके बाद भाव में 30 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई और कीमत करीब 1.25 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक आ गई। सोने के दाम घटने से गिरवी रखे गए आभूषणों की मौजूदा कीमत कम हो जाती है। ऐसे में कर्ज की रकम और सोने की कीमत के बीच का अनुपात यानी लोन टू वैल्यू बढ़ जाता है। इससे बैंकों और वित्तीय कंपनियों के लिए जोखिम बढ़ जाता है।

डिफॉल्ट बढ़ने की एक और वजह जोखिम वाले ग्राहकों को कर्ज देना भी बताई जा रही है। पीरामल फाइनेंस के एमडी और सीईओ जयराम श्रीधरन के मुताबिक वित्त वर्ष 2026 में उद्योग स्तर पर करीब 4.7 लाख करोड़ रुपये के गोल्ड लोन ऐसे ग्राहकों को दिए गए जो पहले से ही 90 दिनों से अधिक समय से कर्ज चुकाने में चूक कर रहे थे। कुल वितरण में ऐसे ग्राहकों की हिस्सेदारी करीब 15 से 23 प्रतिशत तक रही। यानी कई ऐसे लोगों को भी गोल्ड लोन मिला जिनकी आर्थिक स्थिति पहले से कमजोर थी।

इसके अलावा कर्ज चुकाने के तरीकों में बदलाव भी ग्राहकों के लिए चुनौती बन रहा है। पहले कई गोल्ड लोन में ग्राहक को अवधि पूरी होने पर मूलधन और ब्याज एक साथ चुकाने की सुविधा मिलती थी। अब मासिक ईएमआई और नियमित ब्याज भुगतान की व्यवस्था के कारण कुछ कर्जदारों पर हर महीने भुगतान का दबाव बढ़ा है। इसका असर वित्तीय कंपनियों के खातों में भी दिखाई दे रहा है। बजाज फाइनेंस के सितंबर तिमाही के आंकड़ों में स्टेज-2 और स्टेज-3 एसेट्स में 1601 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई जिसमें गोल्ड लोन पोर्टफोलियो का हिस्सा 1047 करोड़ रुपये रहा।

बढ़ते जोखिम को देखते हुए आरबीआई ने एनबीएफसी कंपनियों के प्रमुखों के साथ बैठक में सोने की गिरती कीमतों और बढ़ते लोन टू वैल्यू अनुपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। रेटिंग एजेंसी क्रिसिल का अनुमान है कि गोल्ड लोन पोर्टफोलियो की वृद्धि दर वित्त वर्ष 2026 के 78 प्रतिशत से घटकर चालू वित्त वर्ष में करीब 40 प्रतिशत रह सकती है।


  • अगर आपने भी गोल्ड लोन लिया है तो ईएमआई और ब्याज का भुगतान समय पर करें। सोने की कीमत घटने पर बैंक या वित्तीय कंपनी अतिरिक्त सोना गिरवी रखने अथवा कुछ नकद राशि जमा करने के लिए कह सकती है। ऐसे नोटिस को नजरअंदाज न करें। तय सीमा से अधिक लोन टू वैल्यू अनुपात होने और बकाया राशि नहीं चुकाने पर गिरवी रखे सोने की नीलामी की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। इसलिए गोल्ड लोन लेने से पहले भुगतान की शर्तें समझना और अपनी आमदनी के हिसाब से ही कर्ज लेना बेहद जरूरी है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved