
गांधीनगर. प्रधानमंत्री (PM) नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) आज से दो दिन के गुजरात (Gujarat) दौरे पर हैं. उनके दौरे की शुरुआत बनासकांठा (Banaskantha) से हो रही है. प्रधानमंत्री की सभा से पहले यहां बड़ी संख्या में किसान और पशुपालक जुटने लगे हैं. इस दौरान बनास डेयरी से जुड़ी महिलाएं खास पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचीं. इन पर लिखा था, ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’. महिलाओं के हाथों में इन तख्तियों का वीडियो भी सामने आया है.
सभा में पहली बार खाट पर बैठेंगे किसान-पशुपालक
बनासकांठा में पीएम मोदी की सभा को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं. इस बार सभा में किसानों और पशुपालकों के लिए कुर्सियों की जगह खाट लगाई गई हैं. यानी किसान और पशुपालक खाट पर बैठकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुनेंगे. सभा में प्रधानमंत्री की ओर से शुरू की गई अलग-अलग योजनाओं का संदेश भी दिया जा रहा है.
प्रधानमंत्री सुबह करीब 9 बजे बनासकांठा पहुंचें. इसके बाद वह बनास डेयरी के ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ का दौरा करेंगे. डेयरी परिसर में उनका रोड शो भी होगा. इसके बाद सुबह करीब 10:30 बजे वह जनसभा के मंच पर पहुंचेंगे.
14 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री बनासकांठा में 14 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. कुछ परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित भी की जाएंगी. वह ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ को भी देश को समर्पित करेंगे. इस केंद्र का मकसद पशुओं की नस्ल और उनसे जुड़े शोध को बढ़ावा देना है.
प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस के मौके पर पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त भी जारी करेंगे. इसके तहत करीब 19 हजार करोड़ रुपये की राशि किसानों के खातों में भेजी जाएगी. इस योजना के तहत पात्र किसानों को आर्थिक मदद दी जाती है.
इसके अलावा प्रधानमंत्री अहमदाबाद मेट्रो के फेज-2A और फेज-2B का शिलान्यास करेंगे. फेज-2A के तहत मेट्रो को एयरपोर्ट तक बढ़ाया जाएगा. वहीं, फेज-2B के तहत इसे गिफ्ट सिटी से जोड़ा जाएगा. प्रधानमंत्री का गुजरात दौरा दो दिन का है. बनासकांठा के कार्यक्रम के बाद वह राज्य में अन्य विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved