
नई दिल्ली.दिल्ली (Delhi) की वोटर लिस्ट (Voter List) में बीजेपी सांसद (BJP MP) राघव चड्ढा (Raghav Chadha) का नाम शामिल होने को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और बीजेपी के बीच बहस छिड़ गई है. आप ने इसे लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं और चुनाव आयोग से जवाब मांगा है. वहीं, बीजेपी सांसद राघव चड्ढा ने भी पलटवार करते हुए आप पर निशाना साधा है.
आम आदमी पार्टी की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में राघव चड्ढा को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि 31 अगस्त को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में कुल 746 मतदाता थे. लेकिन बाद में आई लिस्ट में राघव चड्ढा का नाम 747वें नंबर पर जोड़ दिया गया.
भारद्वाज ने सवाल उठाया कि जब पंजाब की ड्राफ्ट लिस्ट से नाम कटने के बाद 3 सितंबर को राघव चड्ढा ने पंजाब में ही फिर से नाम जुड़वाने की बात कही थी, तो दिल्ली में उनका नाम इतनी जल्दी कैसे शामिल हो गया?
आप ने चुनाव आयोग से मांगा जवाब
आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी चुनाव आयोग से इस मामले पर जवाब मांगा है. उन्होंने पूछा कि क्या राघव चड्ढा का वोट पंजाब से दिल्ली ट्रांसफर हुआ है और क्या उनका EPIC नंबर वही है? आप नेताओं का कहना है कि जो प्रक्रिया राघव चड्ढा के लिए अपनाई गई, वही सुविधा दिल्ली के उन 47 लाख लोगों को भी मिलनी चाहिए जिनके नाम वोटर लिस्ट से कटे हैं.
‘ब्रेकअप के बाद दुखी एक्स पार्टनर की तरह बर्ताव कर रही आप’: राघव चड्ढा
वहीं, इन आरोपों पर बीजेपी सांसद राघव चड्ढा ने आप पर तंज कसा है. उन्होंने कहा, ‘ऐसा लगता है कि मैं अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के सपनों में आ रहा हूं. जब से मैंने भ्रष्ट आप छोड़ी है, उनका नेतृत्व इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहा है. वो किसी ऐसे दुखी एक्स पार्टनर की तरह बर्ताव कर रहे हैं, जिसका हाल ही में ब्रेकअप हुआ हो.’
राघव चड्ढा ने बताया कि उन्होंने चुनाव आयोग के सभी नियमों और प्रक्रियाओं का पूरी तरह से पालन किया है. उन्होंने कहा, ‘फैक्ट बिल्कुल सीधे और साफ हैं. मैंने चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के तहत मौजूद कानूनी रास्तों का ही इस्तेमाल किया है. AAP वोटर लिस्ट और अपनी पार्टी की सदस्यता रजिस्टर में अंतर भूल गई है.’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved