इंदौर न्यूज़ (Indore News)

फिर ठिठुरा प्रदेश, नौगांव में पारा 3 डिग्री

भोपाल। कभी गर्म, कभी ठंडा… मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दो दिन पहले प्रदेश के कई शहरों में तापमान 25 से 30 डिग्री तक जा पहुंचा था, वहीं एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ रही है। नौगांव में तापमान गिरकर 3 डिग्री तक जा पहुंचा, जो प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं खरगोन में तापमान 27.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सबसे अधिक था। इसके साथ ही आज सुबह भिंड, मुरैना, दतिया, ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, दमोह, सतना में घना कोहरा छाया रहा। वहीं जबलपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हलकी बूंदाबांदी के समाचार मिले हैं। आज सुबह मऊगंज, सीधी, कटनी, उमरिया, शहडोल, टीकमगढ़ में दृश्यता 50 से 100 मीटर के बीच रही।


इन्दौर में दिन का पारा और गिरा
शहर के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कल जहां दिन के तापमान में और गिरावट आई और पारा सामान्य से 3 डिग्री नीचे पहुंचा, वहीं रात के तापमान में उछाल देखा गया, हालांकि शाम होते ही हवाओं में ठंड की चुभन महसूस हो रही है, जो रात के साथ और बढ़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज और कल रात को तापमान में 2 डिग्री से ज्यादा की गिरावट देखने को मिलेगी।

विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री और परसो की अपेक्षा 0.8 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री और परसों रात की अपेक्षा 0.8 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान उत्तर-पूर्वी हवाएं चलीं, जिनकी अधिकतम गति 21 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तर भारत में पड़ रही तेज ठंड और उसी ओर से आ रही हवाओं के कारण ठंड का बढ़ी है। संभावना है कि आज और कल रात का तापमान 10 डिग्री जा सकता है, जिससे ये मौसम की सबसे सर्द रातें हो सकती हैं, अब तक इस सीजन में एक बार भी तापमान 11.6 डिग्री के नीचे नहीं गया है।

कल फिर दिल्ली उड़ान निरस्त, 20 उड़ानें लेट
खराब मौसम के चलते कल भी इंडिगो एयर लाइंस ने दिल्ली से आने वाली एक उड़ान को निरस्त कर दिया। वहीं 20 से ज्यादा उड़ानें एक से तीन घंटे तक देरी से आई व गई। इनमें दिल्ली, मुंबई, बैंगलुरु, अहमदाबाद, सूरत, हैदराबाद, लखनऊ, जम्मू, जोधपुर, नागपुर, जबलपुर और पुणे की उड़ानें शामिल थीं। ये उड़ानें एक से तीन घंटे तक देरी से आई व गई। विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक कल सुबह जयपुर की उड़ान निरस्त किए जाने के बाद इंडिगो एयर लाइंस ने 10.25 बजे दिल्ली से आने वाली उड़ान को भी निरस्त कर दिया। इसके साथ ही सुबह से देर रात के बीच 20 से ज्यादा उड़ानें घंटों
लेट चलीं।

Share:

Next Post

रामभक्ति में डूबा इंदौर, दीपावली जैसा नजारा

Sat Jan 20 , 2024
शादियों पर भी दिखा प्रभाव, अयोध्या की थीम पर सजावट, ३६ घंटे घर नहीं जाएंगे पुलिसकर्मी, तो मोदी टी स्टॉल पर मुफ्त की पिला रहे चाय इंदौर। 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर समूचा इंदौर भी राम भक्ति डूब गया है और दीपावली की तरह शहरभर में रोशनी […]