इंदौर न्यूज़ (Indore News)

मुंबई में बिगड़ा एयर इंडिया का विमान, साढ़े चार घंटे देरी से इंदौर पहुंचा, एयरपोर्ट पर हंगामा

विमान को इंदौर आने के बाद दिल्ली जाना था, देरी के कारण परेशान यात्रियों ने किया हंगामा

इंदौर। कल एयर इंडिया (Air India) की फ्लाइट (Flight) से मुंबई से इंदौर आने वाले और इंदौर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह मुंबई से आने वाला एयर इंडिया का विमान मुंबई एयरपोर्ट पर ही बिगड़ गया। इसके कारण सुधार के बाद यह साढ़े चार घंटे देरी से इंदौर पहुंचा। इस विमान को इंदौर से दिल्ली जाना था। फ्लाइट के लेट होने से परेशान यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया।


विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया का विमान (एआई-635) सुबह 9.05 बजे मुंबई से इंदौर आकर 9.40 बजे दिल्ली जाता है, लेकिन कल इंदौर आने से पहले ही मुंबई एयरपोर्ट पर विमान में तकनीकी खराबी आ गई। इस पर तुरंत विमान का सुधार शुरू किया गया। इसमें चार घंटे से ज्यादा समय लग गया। सुधार के बाद यह विमान दोपहर 1.35 बजे इंदौर पहुंचा। इस दौरान इस विमान से दिल्ली जाने के लिए यात्री सुबह 7 बजे से ही एयरपोर्ट आना शुरू हो गए थे। यात्रियों को कंपनी ने पहले फ्लाइट के एक घंटा लेट होने की जानकारी दी। बाद में समय को लगातार बढ़ाया जाता रहा। इससे परेशान यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। कुछ यात्री ऐसे भी थे, जिनकी दिल्ली से आगे कनेक्टिंग फ्लाइट्स थी। एयर लाइंस ने सभी यात्रियों को रिफंड और रिबुकिंग का विकल्प देने के साथ ही थोड़ा और इंतजार करने की बात कही और खाने-पीने का प्रबंध करते हुए शांत किया। मुंबई से आने के बाद यह फ्लाइट 2.25 बजे यात्रियों को लेकर इंदौर से रवाना हुई।

दिल्ली-ग्वालियर की उड़ानें भी लेट
एयर इंडिया की तरह कल सरकारी एयर लाइंस एलायंस एयर की दिल्ली से इंदौर आकर ग्वालियर जाने वाली और ग्वालियर से इंदौर आकर वापस दिल्ली जाने वाली उड़ानें भी लेट रही। यह फ्लाइट दोपहर 1.30 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 1.50 बजे ग्वालियर जाती है और ग्वालियर से 5.20 बजे इंदौर आकर 5.45 बजे दिल्ली जाती है, लेकिन कल यह सभी उड़ानें तय समय से दो से ढाई घंटे देरी से आईं व गर्इं। इसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Share:

Next Post

INDORE : लसूडिय़ा क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात

Wed Mar 27 , 2024
चरित्र शंका में पत्नी की हत्या, सरेंडर करने थाने पहुंचा पति इन्दौर। चरित्र शंका में पत्नी (Wife) को मौत के घाट उतारने के बाद पति थाने में सरेंडर करने पहुंचा। पुलिस उसे घटना स्थल लेकर आई। महिला के भाई की शिकायत पर पुलिस (Police) ने महिला के पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया […]