मुंबई। दक्षिण मुंबई में मुहर्रम के जुलूस (Muharram processions) के दौरान कथित तौर पर जहरीले कैप्सूल (Poisonous capsules) बांटकर बड़ी संख्या में लोगों को नुकसान पहुंचाने की साजिश का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस ने इस संबंध में पुणे निवासी 39 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 14 हजार संदिग्ध कैप्सूल बरामद किए जाने का दावा किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान फैयाज प्रेमजी के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह मुहर्रम के अवसर पर निकाले गए शिया समुदाय के जुलूस में शामिल लोगों को दर्द निवारक दवा बताकर कैप्सूल बांट रहा था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या अन्य सहयोगी तो नहीं हैं।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात मुहर्रम के दसवें दिन निकाले गए जुलूस के दौरान एक व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उल्टी और पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसने चिकित्सकों को बताया कि उसने जुलूस में बांटा गया एक कैप्सूल खाया था, जिसके बाद उसकी हालत खराब हो गई।
मामला संदिग्ध लगने पर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
मुहर्रम के अवसर पर दक्षिण मुंबई में हर वर्ष बड़ा जुलूस निकाला जाता है, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु शामिल होते हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित रूप से उन लोगों को निशाना बना रहा था जो मातम के दौरान शारीरिक पीड़ा से गुजर रहे थे। वह उन्हें यह कहकर कैप्सूल दे रहा था कि इससे दर्द में राहत मिलेगी।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जयंत मीणा के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया है कि उसने ऑनलाइन माध्यम से 30 हजार खाली कैप्सूल और 50 किलोग्राम जिंक फॉस्फाइड मंगवाया था। जिंक फॉस्फाइड का उपयोग आमतौर पर चूहों को मारने वाले रसायन के रूप में किया जाता है और इसे अत्यंत खतरनाक माना जाता है।
जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी ने स्वयं कैप्सूल तैयार किए थे और उनमें से करीब 14 हजार कैप्सूल जुलूस के दौरान बांटने के उद्देश्य से अपने पास रखे थे। वह पुणे से मुंबई आया था और दक्षिण मुंबई के एक होटल में ठहरकर इन कैप्सूल की डिलीवरी प्राप्त की थी।
पुलिस के अनुसार, फैयाज प्रेमजी ने बीबीए की पढ़ाई की है और पुणे में अपने पिता के पेंट कारोबार से जुड़ा हुआ है। वह विवाहित है, हालांकि फिलहाल पत्नी से अलग रहता है। जांच में यह भी सामने आया है कि उसकी मां और बहन ईरान में रहती हैं तथा वह स्वयं भी वर्ष 2019 के बाद कई बार ईरान और इराक की यात्रा कर चुका है।
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि कथित साजिश के पीछे उसकी मंशा क्या थी और क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति, संगठन या बाहरी तत्व की भी भूमिका है। पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved