देश राजनीति

बिहार के CM नीतीश हैं लेकिन उनका रिमोट कंट्रोल लालू प्रसाद के हाथ में है : केंद्रीय मंत्री चौबे

पटना। केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे (Union Minister Ashwini Choubey) ने कहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Chief Minister Nitish Kumar) हैं लेकिन उनका रिमोट कंट्रोल लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के हाथ में है। लालू जी जैसे बटन दबाते हैं, नीतीश जी वैसा ही काम करते हैं। भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर पहुंचे अश्विनी चौबे ने नीतीश कुमार पर जमकर भड़ास निकाला। और कहा कि बार-बार पलटी मारने वाले नीतीश कुमार ने भ्रष्टाचारियों और जंगलराज वालों को सत्ता में बैठा दिया है।

पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अश्विनी चौबे ने कहा बिहार में अपराध का ग्राफ चरम पर आ गया है। दूसरी ओर विकास कार्य ठप हो गया है क्योंकि सरकार के घटक दलों में तालमेल नहीं है। दोनों ही दल मिलकर जनता को ठग रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार महागठबंधन की नहीं है बल्कि महाठगबंधन की सरकार है।


केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पूरे राज्य में लूटपाट और हत्या की घटनाएं काफी बढ़ गई है। राजधानी में महिला से लूट तो छात्रा को गोली मारी जाती है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार में अपराधी मंत्री बनेंगे उसका यही हाल होगा। जिस नेता पर अपराधिक मामले दर्ज हैं उसे कानून मंत्री बना दिया गया। जो चावल घोटाले में लिप्त था उसे कृषि मंत्री बना दिया गया। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाले नीतीश कुमार के चारो ओर भ्रष्टाचारियों की भीड़ है। वे कुछ नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि लालू यादव के हाथ में सरकार का रिमोट कंट्रोल है।

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि अभी एक मंत्री ने इस्तीफा दिया है। जिस दिन लालू प्रसाद चाहेंगे उसी दिन नीतीश कुमार की सरकार चली जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार ने भाजपा को धोखा दिया है। इसलिए भाजपा गांव गांव और शहर शहर जा रही है और लोगों को पूरी सच्चाई की जानकारी दे रही है।

उन्होंने दावा किया कि 2024 में भाजपा बिहार में 35 सीटें जीतेगी और 2025 में बीजेपी अकेले ही भारी बहुमत से बिहार में सरकार बनाएगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए नीतीश कुमार मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। उनका सपना धरा का धरा रह जाएगा।

Share:

Next Post

विधायकों से मुलाकात करने जा रहे थे हेमंत सोरेन, गुपचुप तरीके से निकले झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष

Sat Sep 3 , 2022
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर (Raipur, the capital of Chhattisgarh) के एक रिसोर्ट में रुके झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर (Jharkhand Congress President Rajesh Thakur) रिसॉर्ट से एयरपोर्ट के लिए रवाना हो चुके हैं. राजेश ठाकुर दिल्ली में होने वाली रैली में शामिल होंगे. बताया जा रहा है कि वह गुपचुप तरीके से निकले गए […]