भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

भाजपा ने कृषि कानूनों के फायदे गिनाने किसानों के बीच उतारे नेता

  • मंडल और पंचायत स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में होंगे शामिल

भोपाल। किसान आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के 9 करोड़ किसानों के खातों में 18 करोड़ रुपए की सम्मान निधि जमा करने जा रहे हैं। इससे पहले पीएम मोदी देश के किसानों को कृषि कानूनों के फायदे गिनाएंगे। इसके लिए मप्र भाजपा ने मंडल एवं पंचायत स्तरों पर कार्र्यक्रम आयोजित किए हैं। इनमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शमा, केंद्रीय मंत्रियों से लेकर पार्टी नेताओं को किसानों के बीच जाने को कहा है। ये किसानों को कृषि कानूनों के फायदे बताएंगे। भाजपा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस आज सुशासन दिवस के रूप में मना रही है। पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं सुशासन दिवस कार्यक्रम के प्रभारी रणवीर सिंह रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों को दोपहर 12 बजे से संबोधित करेंगे और उनके इस संबोधन को प्रदेश के 1 करोड़ किसान सुनेंगे। रावत ने बताया कि प्रदेश में सुशासन दिवस के कार्यक्रम विकासखंड स्तर पर आयोजित किए गए हैं। इन कार्यक्रमों में केन्द्रीय मंत्री, प्रदेश शासन के मंत्री, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधि किसानों के साथ शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा होशंगाबाद जिले के बाबई विकासखंड में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत उज्जैन जिले के खाचरौद में, प्रहलाद पटेल सागर जिले के देवरी में एवं फग्गनसिंह कुलस्ते मंडला जिले के निवास विकासखंड में उपस्थित रहेंगे। इन कार्यक्रमों में बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री के संबोधन को प्रसारित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सभी एपीएमसी एवं सहकारी संस्थाओं पर भी किया जाएगा। पार्टी के जिला कार्यालयों पर भी किसानों को आमंत्रित कर प्रधानमंत्री जी का उद्बोधन सुना जाएगा।

किसानों को देंगे प्रधानमंत्री, केन्द्रीय कृषि मंत्री एवं मुख्यमंत्री का पत्र
प्रधानमंत्री के संबोधन के पूर्व केंद्रीय मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित किसानों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं, नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी किसानों को देंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के पत्र भी किसानों को दिये जाएंगे।

Share:

Next Post

नीतीश कुमार को लगा बड़ा झटका, JDU के 6 विधायक भाजपा में हुए शामिल

Fri Dec 25 , 2020
पटना। बीजेपी ने नीतीश कुमार को बड़ा झटका दे दिया है। जेडीयू के 6 विधायक पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए हैं। बिहार चुनाव के बाद बीजेपी ने नीतीश कुमार को जोरदार झटका दिया है। बीजेपी में शामिल होने वाले सभी 6 जेडीयू विधायक अरूणाचल प्रदेश के हैं। जेडीयू विधायकों के नाम तलेम तबोह, जिक्के […]