भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

सरकार का लेखा-जोखा लेकर जनता के बीच उतरी भाजपा

  • उपचुनाव वाली 28 सीटों पर तीन दिन तक चलेगा जनसंपर्क अभियान

भोपाल। प्रदेश में उपचुनाव का ऐलान कभी भी हो सकता है। दोनों राजनीतिक दल ताबड़तोड़ सभाएं और प्रचार कर रहे हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा लेकर जनता के बीच जा रही हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती कार्यक्रम के साथ ही भाजपा ने आज से 28 विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान की शुरूआत कर दी है। जो अगले तीन दिन तक चलेगा। इस दौरान भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता शिवराज सरकार के छह महीने कामकाज,्र लोकप्रिय निर्णयों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। साथ ही कमलनाथ सरकार की नाकामियां भी गिनाएंगे। प्रदेश भाजपा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा नेता जनसंपर्क अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के निवास पर भारतीय जनता पार्टी का ध्वज फहराये जाएंगे, घर के मुख्य द्वार पर स्टीकर लगाए जाएंगे। साथ ही पार्टी कार्यकर्ता महा जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत घर-घर संपर्क कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के पत्रक वितरित करेंगे। जनंसपर्क अभियान के लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय ने उपचुनाव वाले क्षेत्रों के लिए सरकार की योजनाएं एवं जनकल्याणकारी निर्णयों का लेखा-जोखा भिजवाया है। इसे वे जनता को बताएंगे।

हर बूथ एवं बस्तियों में जाएंगे
जनसंपर्क अभियान के दौरान भाजपा नेता उपचुनाव क्षेत्र के हर गांव, बूथ एवं बस्तियों तक जाएंगे। इसके लिए बूथ प्रभारियों को निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। पार्टी कायार्लय की ओर से जनसंपर्क को लेकर गाइडलाइन जारी की गई है। जिसके तहत जनसंपर्क के दौरान मास्क अनिवार्य रूप से पहनना होगा। साथ ही कोरोना प्रोटोकॉल का पालन भी करना होगा।

किसान, गरीब पर ज्यादा फोकस
जनसंपर्क अभियान के दौरान भाजपा नेता किसान, गरीब एवं मजदूरों के बीच जाएंगे। उन्हें बताया जाएगा कि पिछली सरकार ने कर्जमाफी के नाम पर किसानों से छलावा किया था। जबकि छह महीने के भीतर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के 38 लाख किसानों के खातों में 7500 हजार करोड़ रुपए का फसल बीमा जमा कराया है। किसानों को अब मप्र सरकार भी हर साल 4 हजार रुपए की सम्मान निधि प्रदान करेगी। साथ ही प्रदेश की सवा पांच लाख आबादी को मुफ्त में राशन मिल रहा है। 38 लाख गरीब परिवारों को पात्रता पर्ची देकर सस्ता राशन दिया जा रहा है। प्रवासी मजदूरों को मनरेगा के तहत काम दिया है। स्ट्रीट वेंडर, महिला समूहों को कर्ज दिया गया है। जिसके ब्याज का भुगतान सरकार देगी। शिवराज सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लेकर भाजपा जनता के बीच उतरी है।

Share:

Next Post

किसानों के लिये कर्ज लेने से पीछे नहीं हटेगी सरकार

Fri Sep 25 , 2020
भाजपा किसान मोर्चा ने किया मुख्यमंत्री का अभिनंदन भोपाल। प्रदेश सरकार द्वारा लगातार लिए जा रहे किसान हितैषी निर्णयों के लिए भाजपा किसाना मोर्चा ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का अभिनंदन किया। किसान मोर्चा पदाधिकारियों एवं किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार खजाने में पैसे नहीं होने का रोना रोती […]