
- भाजपा उज्जैन ग्रामीण ने शहीद पार्क पर किया जोरदार विरोध प्रदर्शन
उज्जैन। गत दिवस भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण द्वारा शहीद पार्क में ऐतिहासिक तथ्यों की प्रमाणिकता एवं सम्मान के विषय को लेकर विशाल रैली निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता श्रीमती सोनिया गांधी की पुस्तक बिलांगिंग ए जर्नी ऑफ लव में ऐतिहासिक तथ्यों के कथित गलत चित्रण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला।
कार्यकर्ताओं ने पुस्तक में प्रस्तुत ऐतिहासिक घटनाओं एवं तथ्यों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि इतिहास किसी एक व्यक्ति, परिवार या पार्टी की निजी संपत्ति नहीं है। इतिहास पूरे राष्ट्र की धरोहर है। इतिहास और राष्ट्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों का उल्लेख करते समय तथ्यों की प्रमाणिकता एवं ऐतिहासिक सच्चाई का सम्मान किया जाना अत्यंत आवश्यक है। इतिहास को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करना न केवल आने वाली पीढिय़ों के साथ अन्याय है, बल्कि राष्ट्र के स्वाभिमान और शहीदों के बलिदान का भी अपमान है। कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से इस बात पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया कि पुस्तक में सोनिया गांधी द्वारा यह बताया गया है कि 1984 के दंगों का उन्हें उतना दर्द नहीं हुआ था, जितना बाबरी मस्जिद ढहाए जाने पर हुआ था। इससे साफ दिखाई दे रहा है कि कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति इस पुस्तक में भी साफ झलक रही है। एक ओर 1984 में हजारों निर्दोष सिख भाइयों-बहनों का नरसंहार हुआ, जिस पर इतना दर्द नहीं हुआ और दूसरी ओर बाबरी मस्जिद के ढहने पर इतना दर्द होना, कांग्रेस की सोच और मानसिकता को उजागर करता है। जिला मीडिया प्रभारी गजेंद्र परमार ने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा उज्जैन ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़, सांसद अनिल फिरोजिया, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, जिला महामंत्री राकेश यादव,श्याम शर्मा भाजपा उज्जैन नगर के पूर्व अध्यक्ष इकबाल गांधी ,युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल वर्मा,एवं युवा मोर्चा ग्रामीण अध्यक्ष हरजीत सिंह ,किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शंभूसिंह तंवर,महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष भारती चौहान सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ व जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा इतिहास को अपने राजनीतिक हितों और तुष्टिकरण की राजनीति के अनुसार प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। अब समय आ गया है कि देश की जनता को सच्चा इतिहास बताया जाए, न कि एक परिवार की सुविधा के अनुसार लिखा गया इतिहास।