
कोलकाता। कोलकाता एयरपोर्ट को बम की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षाबल जांच में जुटे हैं। हालांकि अभी तक कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट के शौचालय में हाथ से लिखा एक नोट बरामद हुआ, जिसमें लिखा है कि एयरपोर्ट के बोर्डिंग गेट पर बम है।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक शौचालय में टिश्यू पेपर पर लिखा एक नोट मिला, जिसमें बोर्डिंग गेट पर बम होने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। एक अधिकारी ने बताया, ‘तलाशी अभियान चल रहा है और अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। साथ ही, उड़ानों के संचालन में भी कोई रुकावट नहीं आई है।’
उन्होंने कहा, ‘हमारे सफाई कर्मचारियों में से एक को महिलाओं के शौचालय में टिश्यू पेपर पर लिखा एक नोट मिला, जिसमें बोर्डिंग गेट नंबर 30 पर बम होने की चेतावनी दी गई थी। उसने तुरंत अधिकारियों को इसकी सूचना दी।’ अधिकारी ने बताया कि इसके बाद बोर्डिंग गेट के आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया। बम निरोधक दस्ते और सीआईएसएफ के जवानों ने पूरे हवाई अड्डे पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
बिधाननगर सिटी पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘पुलिस उस सफाई कर्मचारी से पूछताछ कर रही है जिसे नोट मिला था। साथ ही, यह पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है कि नोट किसने रखा था।’ हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि पूरे हवाई अड्डे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, लेकिन उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved