
नई दिल्ली। भारत दौरे पर आए पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने भारत और पोलैंड के बीच मजबूत तकनीकी साझेदारी की अपील की है। उन्होंने भारत के साथ एआई, डिजिटल प्रोडक्ट्स और अंतरिक्ष में सहयोग की इच्छा जाहिर की। ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट 2027 को संबोधित करते हुए टस्क ने कहा, पोलिश कंपनियां खास तकनीक और विशेषज्ञता दे सकती हैं, जबकि भारतीय कंपनियां उत्पादन, सेवाएं बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने में मदद कर सकती हैं।
पोलिश पीएम ने कहा, हम पार्टनरशिप का मौका देख रहे हैं, जिसमें पोलिश और भारतीय कंपनियां अपनी रिसर्च और डेवलेपमेंट टीम, टेक्नोलॉजी और कैपिटल को मिलाकर मार्केट में नए डिजिटल प्रोडक्ट्स ला सकती हैं। उन्होंने कहा कि भारत और पोलैंड के पास मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमेशन, डेटा एनालिसिस, डायग्नोस्टिक्स और बुनियादी ढांचा प्रबंधन के लिए मिलकर एआई सिस्टम डेवलेप करने की क्षमता है। उन्होंने दोनों देशों के मशीन लर्निंग, डेटा एनालिसिस और एआई को लेकर रिसर्च संस्थानों के बीच मजबूत सहयोग की अपील की।
पोलिश पीएम ने कहा, अब घोषणाओं को जॉइंट वेंचर में बदलने का समय आ गया है। दोनों देशों के आपसी रिश्ते रणनीतिक साझेदारी तक पहुंच गए हैं, जिनमें तकनीकी, साइबर सिक्योरिटी और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग एक्शन प्लान का हिस्सा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved