इंदौर न्यूज़ (Indore News)

नेमा के घर गोली भी चली थी, सुबह सफाई हुई तो फर्श पर मिले निशान


फर्श में गोली चलने से हुआ गड्ढा नजर आया, परिजनों ने पुलिस को दी जानकारी
इन्दौर।  कल शाम भाजपा के नगर अध्यक्ष रहे गोपीकृष्ण नेमा के घर हमले के बाद आज सुबह जब परिजनों ने फर्श की सफाई दी तो उस पर एक छेद नजर आया जो संभवत: गोली चलने के कारण हुआ है। इसकी जानकारी आज सुबह पुलिस को दी गई।

देर रात तक नेमा के घर पर भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही। आज सुबह जब परिजनों ने घर की सफाई की और फर्श पर पड़े मिट्टी के गमले हटाए तो वहां पानी की टंकी के पास फर्श में एक छेद दिखा जो गोली चलने का है। इसकी जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी है। नेमा का कहना है कि हमलावर में से किसी ने धमकाने के लिए गोली चलाई है। हालांकि हमलावर का निशाना गोपी नेमा और उनका परिवार नहीं था, फिर भी जिस तरह से हमला हुआ हैं, उसने शहर की कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। नेमा के बैठक हॉल के सभी कांच फोड दिए गए और उस पर लगी जालियों में चाकू से वार के निशान भी मिले हैं।

घटना का वीडियो भी बनाया हमलावरों ने
जिस तरह से हमला हुआ और हमले का मोबाइल से एक वीडियो बनाया गया है। फूटेज में एक व्यक्ति वीडियो बनाते हुए दिख रहा है। आखिर हमलावर ये वीडियो बनाकर किसको दिखाना चाह रहे थे। पुलिस का कहना है कि सामान्य तौर पर अपराधी अपने अपराध का वीडियो नहीं उतारता है। उसने ऐसा क्यों किया, ये उसके पकड़ाने पर ही पता चल पाएगा।

भाजपा नेता गुस्साए पुलिस अधिकारियों पर
नेमा के घर पर हमला होने के बाद सबसे पहले गौरव रणदिवे वहां पहुंचे, उसके बाद कृष्णमुरारी मोघे, सुदर्शन गुप्ता, टीनू जैन, मालिनी गौड़, निरंजनसिंह चौहान, गोलू शुक्ला, मंत्री उषा ठाकुर, विनय बाकलीवाल, संजय शुक्ला वहां पहुंची। रणदिवे ने वहां पहुंचे पुलिस अधिकारियों को दो घंटे में आरोपियों का पता करने की चेतावनी दी और उन्हें गिरफ्तार कर जुलूस निकालने के लिए कहा।

सवा मिनट में ही लौट गए हमलावर
वीडियो फूटेज में 15 से 20 गाडिय़ों पर आए हमलावर साफ दिख रहे हैं, वहीं कईयों ने तो अपने चेहरे तक नहीं ढंके थे। इससे सवाल उठ रहा है कि क्या उनको अपनी पहचान का डर नहीं था। जिस समय हमलावर आए, उस समय गली में ज्यादा चहल-पहल भी नहीं थी। जिस समय हमलावर घुसे तो नेमा को लगा कि कोई उनसे मिलने आया है वे बाहर आते, उसके पहले ही उन पर एक हमलावर ने रॉड से हमला किया, लेकिन अंदर बैठे वसीम नामक युवक ने उन्हें पीछे खींच लिया और दरवाजा बंद कर लिया। हमलावर नेमा सवा मिनट में वापस भी लौट गए।

Share:

Next Post

गोपी के घर हमले ने खोली पुलिसिया चैकिंग की पोल

Tue Nov 17 , 2020
हथियारबंद गुंडे बाइकों पर सवार होकर पहुंचे मुख्यमंत्री और गृहमंत्री ने भी फोन कर ली जानकारी इन्दौर। भले ही भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपी नेमा के घर हथियारबंद गुंडे गफलत में पहुंच गए हों, मगर उसने शहर में बढ़ते संगठित अपराध के साथ पुलिसिया चैकिंग की पोलपट्टी भी खोल डाली। 25 से अधिक गुंडे बाइकों […]